तहलका जज्बा / ब्यूरो
फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में आज सुबह गांव जसमई में तेंदुआ घुस आया। सोमवार को स्कूल जा रहे छात्र व खेतों में काम कर रहे लोगों पर हमला कर दिया। इससे करीब 8 लोग घायल हो गए। सभी को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं घायलों का उपचार चल रहा है। सूचना पर पुलिस के अधिकारी सहित वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के गांव जसमई के मजरा मटा मड़ैया में सोमवार की सुबह 8 बजे किसान खेतों में कार्य कर रहे थे। इस दौरान तेंदुआ ने हमला कर दिया। किसान गांव की ओर दौड़ पड़े। बड़ी संख्या में किसान एकत्र होकर खेतों पर पहुंचे। इसके बाद तेंदुआ मदना के राय सिंह फौजी के मकान के निकट पहुंचा। यहां पर चार लोगों को घायल किया। इसके बाद ग्रामीणों ने तेंदुआ को घेरा। तेंदुआ नूरपुर के खेतों में जाकर में घुस गया। ग्रामीण और वन विभाग की टीम यहां पहुंची तो तेंदुआ ने खेतों में ही वनरक्षक दरोगा सिद्धार्थ दुबे, वन दरोगा ताबिद, वन रक्षक सचिन पर भी हमला कर दिया।
ग्रामीण दौड़े तब वन विभाग के कर्मचारियों को बचाया जा सका। इसके बाद तेंदुआ भाग कर आगे चला गया। थोड़ी देर बाद फिर से ग्रामीणों पर तेंदुआ टूट पड़ा। तेंदुआ को पकड़ने को फिलहाल मौके पर वन विभाग की टीम पुलिस बल और एसडीएम सदर मौके पर है। आसपास गांव के लोगों की बड़ी संख्या में भीड़ लगी हुई है। तेंदुए की घेराबंदी की जा रही है। ग्रामीण घबराए हुए हैं कि कहीं आबादी की ओर घुस गया तो दिक्कत आ जाएगी। एएसपी डॉ. संजय सिंह ने बताया कि एक के बाद एक युवक पर जानवर ने हमला किया। जिसमें 8 लोग घायल हो गए। एंबुलेंस से छात्रा सहित किसानों को लोहिया अस्पताल भेजा गया है। मामले की जानकारी कर एएसपी डॉ.संजय सिंह, डीएम डॉ.वीके सिंह, एडीएम सुभाष चन्द्र प्रजापति, डीएफओ प्रत्यूष कटियार समेत आलाधिकारी मौके पर मौजूद है। वहीं वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई है। मौके पर 200 से ज्यादा ग्रामीणों की भीड़ लगी हुई है। भारी पुलिस फोर्स भी मौजूद है।
इमरजेंसी में भर्ती घायल सुखदेव ने बताया कि गेहूं की फसल खेत में है। वहां पर हम काम कर रहे थे। जानवर ने हमला कर दिया। हम झुक गए। इससे पीठ पर पंजा लग गया। खेत में पांच लोग और थे। घायल छात्र शिवम ने बताया कि हम स्कूल जा रहे थे। अचानक से तेंदुआ आया भाई सुखदेव व मुझ पर हमला कर दिया। इससे हम दोनों घायल हो गए। तेंदुए ने ही हमला किया, और भी लोग घायल हुए हैं। घायल जितेंद्र ने बताया कि तेंदुआ ने हमला कर दिया। भतीजे को देखने जा रहे थे। सड़क पर आए वैसे ही हमला कर दिया। डीएफओ प्रत्यूष कटियार ने बताया कि तीन स्टाफ के लोग घायल हुए हैं। कानपुर जू से डार्डी गन और जाल को मंगवा लिया है। जल्द से जल्द पकड़ लिया जाएगा।