30 मिनट के अंदर बैंक में हुई 1 करोड़ की डकैती, 3 बाइक पर आए 6 बदमाश

अलवर में बाइक पर आए बदमाश बैंक से 78 लाख रुपए और 26 लाख रुपए का सोना लूटकर फरार हो गए।

30 मिनट के अंदर बैंक में हुई 1 करोड़ की डकैती, 3 बाइक पर आए 6 बदमाश

अलवर : अलवर के भिवाड़ी में बैंक डकैती की एक बड़ी घटना को अंजाम दिया गया है। यहां डकैतों ने दिनदहाड़े बैंक में डकैती डाली है। अलवर में बाइक पर आए बदमाश बैंक से 78 लाख रुपए और 26 लाख रुपए का सोना लूटकर फरार हो गए। 6 बदमाश हथियार के साथ आए थे। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने महज 30 मिनट में डकैती को अंजाम दिया।  आज सुबह अज्ञात बदमाशों ने ऐक्सिस बैंक में लूटपाट मचाई है। अलवर के रीको चौक स्थित ऐक्सिस बैंक की एक शाखा में यह डैकती हुई है। 

बदमाशों के द्वारा सभी कर्मचारियों को लॉकर रूप में पहले बंद किया गया और उसके बाद अलमारी में रखे लाखों रुपये लूटकर अपराधी फरार हो गए। मामले की सूचना पर भिवाड़ी पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच में जुटे हैं। वही लूट की घटना के बाद पुलिस-प्रशासन के द्वारा पूरे जिले में नाकेबंदी कर दी गई है। सभी वाहनों को चेक किया जा रहा है। हथियार बंद बदमाशों के द्वारा दिनदहाड़े बैंक में डकैती की वारदात को अंजाम देने के बाद भिवाड़ी में दहशत फैल गई है।

बैंक कर्मियों ने पुलिस को बताया कि करीब 10 बजे बैंक खुला ही था। डकैत बाइक से आए थे। इनके चेहरे पर मास्क लगा था। इनके पास हथियार थे। बैंक में घुसते ही डकैतों ने कर्मचारियों को बंधक बना लिया और लॉकर की चाबी ले ली। कर्मचारियों ने बताया कि डकैत अपने साथ बैग भी लेकर आए थे। लॉकर में जितने रुपए और गोल्ड मिला वो लेकर फरार हो गए। एसपी शांतनु कुमार सहित अन्य पुलिस अफसर मौके पर हैं। पूरे इलाके में नाकेबंदी कर दी गई है। बैंक से सीसीटीवी लिए गए हैं। एसपी ने बताया कि बाइक व हुलिया के आधार पर पहचान हो रही है। वे जिस रास्ते से आए थे, उसके बारे में भी जानकारी मिल गई है। टीमों को पीछे लगा दिया गया है और जल्दी आरोपी पकड़े जाएंगे।