अलीपुर में एक गोदाम की दीवार गिरने से 5 लोगों की मौत हो गई

दिल्ली के अलीपुर में शुक्रवार दोपहर बड़ा हादसा हुआ। यहां निर्माणाधीन गोदाम की दीवार गिरने से 5 मजदूरों की मौत हो गई है।

अलीपुर में एक गोदाम की दीवार गिरने से 5 लोगों की मौत हो गई

फरीदाबाद (हिंदुस्तान तहलका): दिल्ली के अलीपुर में शुक्रवार दोपहर बड़ा हादसा हुआ। यहां निर्माणाधीन गोदाम की दीवार गिरने से 5 मजदूरों की मौत हो गई है। मलबे में दबे 9 मजदूरों को बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती किया गया है। घायल मजदूरों में 2 की हालत गंभीर है। घटना स्थल पर मलबे को हटाने का काम चल रहा है। ऐसा बताया जा रहा है कि हादसे के समय लगभग 20 से 25 मजदूर गोदाम में काम कर रहे थे। ऐसे में अभी कुछ और लोगों के फंसे होने की आशंका है। जानकारी के अनुसार, शिकायत मिलने के बावजूद डीएम व एसडीएम कार्यालय अवैध गोदामों के निर्माण को नहीं रोक रहा था। बताया जा रहा है कि अलीपुर में एक गोदाम की दीवार का निर्माण चल रहा था।

शुक्रवार को यह दीवार अचानक ढह गई, जिसमें वहां मौजूद सभी मजदूर दब गए। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड के कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव का काम शुरू किया। एनडीआरएफ गाजियाबाद की रीजनल रिस्पांस सेंटर द्वारका दिल्ली से एक टीम को घटनास्थल के लिए भेजा गया। मलबे से 9 मजदूरों को जीवित निकाला गया। घायलों को तुरंत राजा हरिश्चंद्र अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों का इलाज चल रहा है। अभी घटना के पीछे की वजह साफ नहीं है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने हादसे को लेकर दुख जताया है। केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा कि उन्हें अलीपुर में हादसे से बेहद दुख हुआ है और मैं खुद राहत कार्य पर नजर रखे हुए हूं।