हिंदुस्तान तहलका / प्रदीप अग्रवाल
मथुरा। यमुना एक्सप्रेसवे पर शनिवार तड़के हुए दो भीषण सड़क हादसों में कुल छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 28 लोग घायल हो गए। पहला हादसा माइलस्टोन 140 के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार इको कार एक ट्रक में जा घुसी। इस हादसे में कार सवार छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं दूसरा हादसा माइलस्टोन 131 के पास हुआ, जहां एक प्राइवेट बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और पलट गई। इस हादसे में 28 यात्री घायल हुए, जिनमें आठ की हालत गंभीर बताई जा रही है। इन दोनों हादसों से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही जिलाधिकारी सीपी सिंह एवं एसएसपी श्लोक कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जांच शुरू कर दी है। घायलों को उपचार हेतु विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

ट्रक में घुसी तेज रफ्तार इको कार, छह की मौत
पहला हादसा शनिवार तड़के लगभग तीन बजे बलदेव थाना क्षेत्र के अंतर्गत यमुना एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 140 पर हुआ। एक तेज रफ्तार इको कार आगे चल रहे ट्रक में जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसका अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घायलों को कार से बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने गैस कटर से कार को काटकर फंसे हुए लोगों को बाहर निकाला। कार में सवार छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। राहगीरों ने घायलों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने छह लोगों को मृत लाया घोषित कर दिया। दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं जिनका इलाज चल रहा है।
मृतकों में दो परिवारों के लोग हैं। जबकि एक शव की शिनाख्त नहीं हुई। एक परिवार आगरा जबकि दूसरा परिवार मध्यप्रदेश के मुरैना का रहने वाला है। आगरा के हरलालपुरा निवासी धर्मवीर, उनके दो बेटे रोहित और आर्यन की मौत हो गई। जबकि धर्मवीर की पत्नी सोनी और बेटी पायल की हालत गंभीर है।
जबकि धर्मवीर के भांजे मुरैना जिले के बढ़पुरा हुसैन गांव के दो सगे भाई दलवीर उर्फ छुल्ले और पार्थ की भी जान गई है। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है।

डिवाइडर से टकराई बस पलटी
दूसरा हादसा यमुना एक्सप्रेसवे पर माइलस्टोन 131 के पास हुआ, जहां दिल्ली से मध्य प्रदेश जा रही एक यात्री बस अचानक डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई। हादसे के समय बस में करीब 60-65 यात्री सवार थे। हादसे में 28 यात्री घायल हुए हैं। इनमें से 8 की स्थिति गंभीर है।
घटना की सूचना मिलते ही हाईवे कर्मचारी और बलदेव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से यात्रियों को बस से बाहर निकाला गया और एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया। गंभीर रूप से घायल 8 यात्रियों को मथुरा जिला अस्पताल भेजा गया है। कुछ घायलों को सीएससी बलदेव और आगरा रेफर किया गया है। जिला अस्पताल में भर्ती घायलों में मोनू रावत, प्रीतम लाल, रूबी, धनियत श्री चंद, दीपक, मनीष और पुष्पेंद्र शामिल हैं।
सीओ महावन संजीव कुमार राय ने घटना की पुष्टि की है।

डीएम और एसएसपी पहुंचे अस्पताल
हादसों की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी सीपी सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों से बातचीत की और डॉक्टरों को उचित उपचार के निर्देश दिए। एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि बलदेव थाना क्षेत्र में हुए इन दोनों हादसों में अब तक छह लोगों की मौत हो चुकी है, और कई घायल हैं। दोनों दुर्घटनाएं ड्राइवरों को नींद आने की वजह से हुईं। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
एसएसपी श्लोक कुमार की अपील
एसएसपी श्लोक कुमार ने कहा कि मैं सभी वाहन चालकों से अपील करता हूं कि लंबी यात्रा पर निकलने से पहले पूरी नींद अवश्य लें। अक्सर देखा गया है कि ड्राइवरों की झपकी या नींद के कारण ही ऐसे दर्दनाक हादसे होते हैं। यमुना एक्सप्रेसवे जैसी हाईस्पीड सड़कों पर जरा सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। अगर सावधानी नहीं बरती गई, तो यह एक्सप्रेसवे आपके जीवन की आखिरी यात्रा बन सकता है। हमारी प्राथमिकता लोगों की सुरक्षा है, इसलिए हम लगातार जागरूकता अभियान भी चला रहे हैं। मैं पुनः सभी से आग्रह करता हूं कि सफर से पहले खुद को फिट और सतर्क रखें, ताकि ऐसी त्रासदियों से बचा जा सके।


