आंध्र प्रदेश के अनकापल्ली में कंपनी में हुआ गैस रिसाव, 50 से अधिक गंभीर
आंध्र प्रदेश से एक बड़ी घटना सामने आई है। आंध्र प्रदेश के अनकापल्ली जिले के अत्चुतापुरम में एक फैक्ट्री में संदिग्ध गैस रिसाव की सूचना मिली है। इसके चलते फैक्ट्री में काम कर रहीं कुछ महिलाएं बेहोश होकर गिर गईं।

आंध्र प्रदेश (हिंदुस्तान तहलका): आंध्र प्रदेश से एक बड़ी घटना सामने आई है। आंध्र प्रदेश के अनकापल्ली जिले के अत्चुतापुरम में एक फैक्ट्री में संदिग्ध गैस रिसाव की सूचना मिली है। इसके चलते फैक्ट्री में काम कर रहीं कुछ महिलाएं बेहोश होकर गिर गईं। कई महिलाओं के बीमार होने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया है। आंध्रप्रदेश पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि गैस रिसाव के चलते 50 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अनकापल्ली पुलिस के अनुसार, अत्चुतापुरम में स्थित एक कंपनी में गैस रिसाव की सूचना के बाद करीब 50 लोग बीमार पड़ गए हैं। एसपी अनाकापल्ले ने कहा कि कथित तौर पर ब्रैंडिक्स के परिसर में गैस रिसाव हुआ था। 50 लोगों को अस्पताल में भर्ती किया गया है, और परिसर में निकासी का काम चल रहा है।
किसी को भी परिसर के अंदर जाने की अनुमति नहीं है। इस घटना को लेकर आंध्र प्रदेश के उद्योग मंत्री गुडीवाड़ा अमरनाथ ने अधिकारियों से बात की है। उन्होंने अधिकारियों को पीड़ितों को बेहतर इलाज मुहैया कराने के लिए कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। बताया जा रहा है कि जहां ये जहरीली गैस का रिसाव हुआ है वो कपड़ा बनाने की कंपनी है। गैस रिसाव की वजह से करीब 50 महिला कर्मचारी बीमार पड़ गईं। पहले उन्हें उल्टियां होने लगीं और उन्होंने जी मिचलाने की शिकायत की। इसके बाद कंपनी के कर्मचारी बेहोश महिला कर्मचारियों को एंबुलेंस से पास के एक निजी अस्पताल में ले गए। फिलहाल अस्पताल में सभी का इलाज चल रहा है।