फतेहाबाद में निकला कानून व्यवस्था का दिवाला- पुनिया
कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव डॉ. विनीत पुनिया ने हरियाणा में दिन-प्रतिदिन बिगड़ रही कानून व्यवस्था के लिए भाजपा-जजपा सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए इसके लिए भाजपा सरकार द्वारा पिछले नौ साल में समुचित संख्या में पुलिस भर्ती न किये जाने, नशे के बढ़ने और गलत नीतियों को जिम्मेदार ठहराया है

हिंदुस्तान तहलका /प्रवीन कालवां
फतेहाबाद। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव डॉ. विनीत पुनिया ने हरियाणा में दिन-प्रतिदिन बिगड़ रही कानून व्यवस्था के लिए भाजपा-जजपा सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए इसके लिए भाजपा सरकार द्वारा पिछले नौ साल में समुचित संख्या में पुलिस भर्ती न किये जाने, नशे के बढ़ने और गलत नीतियों को जिम्मेदार ठहराया है।
अपने निवास स्थान पर पत्रकारों से बातचीत में डॉ पुनिया ने कहा कि भाजपा-जजपा सरकार के राज में प्रदेश में महाजंगलराज व्याप्त है। फतेहाबाद में भी कानून व्यवस्था का पूरी तरह से दिवाला निकल चुका है। अपराधियों को सरकारी शह और पुलिस कर्मियों की कमी के कारण अपराधियों को तो कानून का डर नहीं है, पर जनता में भय का माहौल है। फ़तेहाबाद में लगातार हो रही आपराधिक वरदातों से लोग सहमे हुए हैं। सरकार और पुलिस प्रशासन कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए ठोस कदम उठाए।
भय के साये में जी रही है जनता
डॉ. पुनिया ने कहा कि फतेहाबाद में आए दिन आपराधिक वारदातें सामने आ रही हैं। जनता भय के साये में जी रही है। पिछले एक सप्ताह में ही दो हत्याएं हो चुकी हैं। तीन अक्टूबर को व्यापारी कृष्ण और उनके बेटे पर तेजधार हथियारों से हमला किया गया था। जिसमें व्यापारी कृष्ण की जान चली गई थी। इससे पहले मेडिकल की दुकान चलाने वाले यश भाटिया की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। वहीं शुक्रवार शाम को चार मरला कालोनी में दुकान में घुसकर बदमाशों द्वारा रंगदारी मांगे जाने का मामला सामने आ चुका है।
हरियाणा में बढ़ रहा है अपराध का ग्राफ
डॉ. पुनिया ने कहा कि हर साल जारी होने वाले एनसीआरबी के आंकड़े बार-बार भाजपा-जजपा सरकार को बिगड़ी कानून व्यवस्था को लेकर आईना दिखाते हैं। एनसीआरबी के आंकड़े बताते हैं कि हरियाणा में अपराध बढ़ रहा है। मगर सरकार कुंभकर्णी नींद में सोइ हुई है। प्रदेश के हर जिले में अपराधी सरेआम वारदातों को अंजाम दे रहे है, लोगों को मौत के घाट उतारा जा रहा है। व्यपारियों से अपराधी सरेआम रंगदारी मांग रहे हैं, न देने पर उनके प्रतिष्ठानों पर गोली चलाई जा रही हैं। इससे प्रदेश भर के व्यापारियों में डर और भय का माहौल बना हुआ है। संगीन वारदातों से अख़बार भरे रहते हैं। उन्होंने सरकार प्रदेश में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने और अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए कार्रवाई करने की मांग की।