आरा में फिल्मी स्टाइल में मर्डर, मुखिया पति को दौड़ा-दौड़ाकर बदमाशों ने मारी गोली
बिहार में इन दिनों अपराधियों के हौसले बुलंद है। प्रशासन का खौफ मानो अपराधियों के मन में है ही नहीं

हिंदुस्तान तहलका / शिवांगी चौधरी
आरा। बिहार में इन दिनों अपराधियों के हौसले बुलंद है। प्रशासन का खौफ मानो अपराधियों के मन में है ही नहीं। बिहार में क्राइम के ग्राफ में तेजी से बढ़ोत्तरी हुई है। आए दिन लूटपाट, रंगदारी, हत्या, बलात्कार जैसी घटनाओं की खबरें आ रही हैं। बिहार के भोजपुर जिले के आरा में प्रयागराज जैसा हत्याकांड हुआ है। मामला आरा के भोजपुर जिले के कृष्णागढ़ थाना क्षेत्र के सरैया बाजार का है। जहां दो बदमाशों ने मुखिया पति को भरे बाजार गोलियों से भून दिया और हत्याकांड को अंजाम देने के बाद मौके से भाग गए। बीच सड़क दर्जनों लोगों के सामने मुखिया पति को दौड़ा-दौड़ा कर गोली मारने की पूरी घटना मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
हथियारबंद अपराधियों ने बीच बाजार में मुखिया पति को दौड़ाकर गोली मार दी। सिर में गोली लगने के कारण मुख्यापति की मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी हथियार लहराते फरार हो गए। मृतक की पहचान बड़हरा प्रखंड के पश्चिमी गुंडी पंचायत की मुखिया अमरावती देवी के पति महेंद्र यादव उर्फ मुन्ना यादव के रूप में हुई है।
यह मामला रविवार सुबह का है। बताया जा रहा है कि आरा के बड़हरा प्रखंड की पश्चिमी गुंडी पंचायत की मुखिया अमरावती देवी के पति महेंद्र यादव उर्फ मुन्ना यादव की कृष्णागढ़ ओपी थाना क्षेत्र के सरैया बाजार में बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि मुन्ना अपने पंचायत क्षेत्र में किसी काम से आए हुए थे और बाइक घर लौट रहे थे। इसी दौरान दो बदमाश पहले से घात लगाए बैठे उनका इंतजार कर रहे थे। जैसे ही मुन्ना बाजार पहुंचे तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। मुन्ना सड़क पर जा गिरे। दोनों बदमाश भागते हुए उनके करीब पहुंचे और करीब से दो से तीन गोली मारी। आस-पास मौजूद लोग हत्याकांड को देखते रहे। किसी ने मुन्ना को बचाने की कोशिश नहीं की।
मुन्ना यादव की हत्या को लेकर आक्रोशितों ने सरया बाजार और आस-पास के दुकानों को भी बंद करवा दिया। घटना की सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह, डीआईयू इंस्पेक्टर शंभू कुमार भगत, बड़हरा थाना इंचार्ज जयंत प्रकाश, कृष्णागढ़ थाना इंचार्ज विवेक कुमार दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों को समझा बुझा लोगों को शनत किया।