जालंधर में 2999 पुलिस जवानों की पासिंग-आउट परेड: सीएम मान ने ली सलामी
पंजाब पुलिस में नए भर्ती हुए 2999 पुलिस जवानों ने अपनी ट्रेनिंग पूरी करने के बाद मुख्यमंत्री को सलामी

हिंदुस्तान तहलका / सुशील कुमार
जालंधर।पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शुक्रवार आज जालंधर पीएपी में पासिंग आउट परेड का निरीक्षण किया। पंजाब पुलिस में नए भर्ती हुए 2999 पुलिस जवानों ने अपनी ट्रेनिंग पूरी करने के बाद मुख्यमंत्री को सलामी। परेड का नेतृत्व कांस्टेबल मनप्रीत कौर ने किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के साथ पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव यादव भी मौजूद थे। इस दौरान पंजाब पुलिस के जवान ने अन आर्म्ड कॉम्बैट शो, वेपन हैंडलिंग शो, मलखम, घोड़ों का शो भी किया।
सीएम भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब पुलिस की कार्यशीलता बढ़ाने के लिए इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) को शामिल किया जाएगा। ताकि इसे देश में एक प्रमुख बल बनाया जा सके। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह पहल राज्य में पुलिस प्रणाली में और सुधार लाने में महत्वपूर्ण साबित होगी। उन्होंने कहा कि यह निर्णय पंजाब को कृत्रिम बुद्धिमत्ता के उपयोग में अग्रणी राज्य बनाने के उद्देश्य से लिया गया है, जिससे राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने में मदद मिलेगी. भगवंत सिंह मान ने कहा कि यह कदम पुलिस बल को वैज्ञानिक तर्ज पर ढालने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा।
सीएम मान ने कहा कि सीमावर्ती राज्य होने के कारण ऐसी कई ताकतें हैं, जो अपने नापाक इरादों से राज्य की शांति को भंग करना चाहती हैं, लेकिन पंजाब पुलिस ने हमेशा ऐसी ताकतों के नापाक प्रयासों को सफल नहीं होने दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य के सामने आने वाली चुनौतियों से पार पाने के लिए पंजाब पुलिस को जांच, विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में आधुनिक जरूरतों को अपनाने की जरूरत है। भगवंत सिंह मान ने आशा व्यक्त की कि पंजाब पुलिस अपनी उच्च पेशेवर प्रतिबद्धता के तहत लोगों की सेवा करने की अपनी महान परंपरा को कायम रखेगी।