केएमपी पर अज्ञात शव मिलने से मचा हड़कंप, लोगों में दहशत का माहौल
केएमपी धुलावट टोल प्लाजा के समीप नर्सरी में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, सबूतों के आधार पर मृतक की पहचान में जुटी पुलिस

हिंदुस्तान तहलका / अंकित मंगला
तावडू। शुक्रवार को केएमपी धुलावट टोल प्लाजा के समीप वन विभाग की नर्सरी में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। शव मिलने की खबर से आस पास के ग्रामीण क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल बन गया। वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंच शव को कब्जे में लेकर कार्यवाई में जुट गई। लेकिन आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात व्यक्ति की हत्या कर शव को फेंका गया है। वहीं पुलिस मौके से मिले सबूतों के आधार पर मृतक की पहचान करने में जुटी हुई है। लेकिन खबर लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई थी।
केएमपी धुलावट टोल प्लाजा के समीप वन विभाग की नर्सरी में कार्यरत कर्मचारी जमालु ने बताया की शुक्रवार की दोपहर वह पौधों को पानी देने के लिए पाइप फैला रहा था। तभी मार्ग के ढलान में बने एक गड्ढे में एक व्यक्ति के पैर दिखाई दिए। जब वह नजदीक पहुंचा तो पता लगा की अज्ञात व्यक्ति का शव है। उन्होंने अन्य साथी कर्मचारियों की मदद से नजदीकी ट्रैफिक थाना पुलिस को सूचना दी। नर्सरी में शव मिलने से हड़कंप मच गया। इस दौरान मौके पर काफी भीड़ एकत्रित हो गई। सूचना मिलने पर सदर थाना और तावडू सीआईए पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को मृतक व्यक्ति की जेब से एक डायरी मिली है।इसके अलावा मौके पर अन्य सबूतों को जुटाकर पुलिस जांच में जुटी है। आशंका जताई है कि व्यक्ति की हत्या कर शव को यहां पर फेंका गया है। वहीं सदर थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि शुक्रवार को केएमपी मार्ग के साथ एक व्यक्ति के शव मिलने की सूचना मिली। जिसकी आयु 36 से 40 के बीच है।जिसकी पहचान नहीं हो सकी है। फॉरेंसिक टीम को सूचना दे दी गई है।पुलिस गहनता से जांच में जुटी है।नियमानुसार उचित कानूनी कार्रवाई की जा रही हैं।