'पराली जलाने के लिए किसान नहीं हम जिम्मेदार' दिल्ली में बढ़ते पॉल्यूशन पर बोले CM केजरीवाल
राजधानी दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल ने ऐलान किया है कि कल 5 नवंबर से दिल्ली में प्राइमरी स्कूल बंद रहेंगे। इसके अलावा कक्षा 5वीं के ऊपर की क्लासेज़ के लिए सभी आउटडोर एक्टिविटीज़ पर भी प्रतिबंध रहेगा।

दिल्ली (हिंदुस्तान तहलका): राजधानी दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल ने ऐलान किया है कि कल 5 नवंबर से दिल्ली में प्राइमरी स्कूल बंद रहेंगे। इसके अलावा कक्षा 5वीं के ऊपर की क्लासेज़ के लिए सभी आउटडोर एक्टिविटीज़ पर भी प्रतिबंध रहेगा। CM ने कहा है कि दिल्ली में वाहनों के लिए ऑड-इवेन लागू करने पर भी विचार किया जा रहा है। यह ऐलान CM केजरीवाल ने पंंजाब के CM भगवंत मान के साथ साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया।
इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में केजरीवाल ने पंजाब और दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण पर कहा कि एक राज्य की प्रदूषित हवा एक राज्य में नहीं रहती बल्कि हर राज्य में जाती है। केजरीवाल ने कहा कि प्रदूषण केवल दिल्ली की समस्या ही नहीं बल्कि हरियाणा, उत्तर प्रदेश और पूरे उत्तर भारत में हवा की स्थिति खराब है। ऐसे में यह समय एक दूसरे पर आरोप लगाने का नहीं है। केंद्र को आगे आकर कदम उठाने होंगे जिससे उत्तर भारत को इससे बचाया जाए। उन्होंने आगे कहा कि पंजाब और दिल्ली में भले हमारी सरकार है लेकिन यह समय एक दूसरे पर आरोप लगाने का नहीं है बल्कि इस समस्या का समाधान निकालने का है।
CM ने कहा कि पंजाब में पराली जलाई जा रही है। इस पराली जलाए जाने के लिए किसान नहीं बल्कि हम जिम्मेदार हैं। हम कोई ब्लेम गेम नहीं खेलना चाहते। पराली के लिए हमें किसान को कोई समाधान देना होगा। फिलहाल किसान के पास उसे जलाने के सिवा कोई रास्ता नहीं होता। CM केजरीवाल ने कहा कि पराली जलाने में 22 प्रतिशत की बढोतरी हुई है, जो कि बेहद खतरनाक है। हम अदालत से इस पर आज या कल सुनवाई की गुहार लगाते हैं।
उन्होंने कहा हम किसानों के साथ मिलकर कठोर कदम उठाएंगे। अगले साल तक पराली जलना कम होगा। पंजाब में हमारी सरकार को केवल 6 महीने हुए हैं। हमें थोड़ा समय दीजिए। भगवंत मान की सरकार ने पहले ही कई कदम उठाए हैं। इनमें कुछ का असर हुआ, कुछ का नहीं हुआ। इस दौरान केजरावाल ने यह भी कहा कि प्रदूषण को देखते हुए दिल्ली में कल से प्राइमरी स्कूल बंद रहेंगे और यातायात की ऑड ईवन की योजना पर भी विचार किया जाएगा। बढ़ते प्रदूषण के चलते गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) में 08 नवंबर तक के लिए कक्षा 1 से 8 तक के लिए स्कूल बंद कर दिया गया है। इसके अलावा सीनियर क्लासेज़ के लिए भी स्कूलों को ऑनलाइन क्लास आयोजित करने का सुझाव दिया गया है और सभी आउटडोर गतिविधियों को प्रतिबंधित कर दिया गया है।