डीएसपी तावडू के बाद अब रांची की महिला सब-इंस्पेक्टर संध्या टोपनो को गाड़ी से कुचला

बीती रात झारखंड के रांची में वाहन चेकिंग के दौरान एक महिला सब-इंस्पेक्टर संध्या टोपनो की गाड़ी से कुचलकर हत्या कर दी गई है।

डीएसपी तावडू के बाद अब रांची की महिला सब-इंस्पेक्टर संध्या टोपनो को गाड़ी से कुचला

रांची (हिंदुस्तान तहलका): हरियाणा के नूंह जिले में डीएसपी तावडू की अवैध माइनिंग करने वालों ने ट्रक से कुचलकर हत्या कर दी थी। डीएसपी सुरेन्द्र कुमार गांव पंचगाव थाना सदर तावडू की पहाड़ी में अवैध माइनिंग को रोकने के लिए रेड करने गए थे। इसी बीच एक ओर दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है जहां बीती रात झारखंड के रांची में वाहन चेकिंग के दौरान एक महिला सब-इंस्पेक्टर संध्या टोपनो की गाड़ी से कुचलकर हत्या कर दी गई है।

रांची के तुपुदाना थाने में तैनात महिला दरोगा संध्या टोपनो के साथ वारदात को उस समय अंजाम दिया गया, जब वे अपराधियों का पीछा कर रही थीं। पुलिस द्वारा आरोपी को गिरफ्तार कर वाहन सीज कर लिया गया है। रांची के एसएसपी ने इस मामले पर बयान जारी किया है। उन्होंने बताया, ‘संध्या टोपनो नाम की एक महिला सब-इंस्पेक्टर की बीती रात वाहन चेकिंग के दौरान मौत हो गई। वह तुपुदाना ओपी के प्रभारी के पद पर तैनात थीं। 

जाने पूरा मामला

सूत्रों के अनुसार, सिमडेगा पुलिस को सूचना मिली थी कि गौतस्कर सिमडेगा से पिकअप वैन में तस्करी के लिए पशुओं को ले जाया जा रहा हैं। इसके बाद सिमडेगा के बसिया थाना पुलिस ने पिकअप वैन का पीछा किया। पशुओं से लदा पिकअप वैन लेकर चालक भागने लगा। इसकी सूचना खूंटी पुलिस को दी। खूंटी पुलिस ने रात में नाका पर चैकिंग की लेकिन वैन चकमा देकर रांची की ओर निकल गई। इसके बाद सिमडेगा पुलिस ने सूचना रांची पुलिस को दी। रांची पुलिस ने खूंटी-रांची सीमा के तुपुदाना ओपी क्षेत्र के हुलहुन्दू के पास चैकिंग लगाई।

इसी दौरान करीब 3 बजे बड़ी तेजी से एक सफेद रंग का पिकअप वैन आते दिखा। चैकिंग पोस्ट पर सब-इंस्पेक्टर संध्या टोपनो दलबल के साथ थीं। उन्होंने गाड़ी को रुकने का इशारा किया लेकिन चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और महिला दरोगा के ऊपर चढ़ा दी। उसके बाद आरोपी वहां से भागने लगे। महिला दरोगा की मौके पर ही मौत हो गई। कुछ दूरी पर गश्ती दल ने आरोपी को दबोच लिया। बताया जाता है कि गाड़ी से कई तस्कर कूदकर भाग गए हैं। वाहन चालक पुलिस की गिरफ्त में है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।