हरियाणा, झारखंड के बाद गुजरात में भी पुलिसकर्मी की हत्या, ट्रक ने पुलिसकर्मी को कुचला
हरियाणा और झारखंड के बाद अब गुजरात में भी पुलिसकर्मी की कुचलकर हत्या कर दी गई। मामला गुजरात के बोरसाड का है।

बोरसाड (हिंदुस्तान तहलका): हरियाणा और झारखंड के बाद अब गुजरात में भी पुलिसकर्मी की कुचलकर हत्या कर दी गई। मामला गुजरात के बोरसाड का है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक बुधवार की दोपहर तकरीबन 1 बजे ट्रक ने पुलिसकर्मी किरण राज को कुचल दिया। गंभीर हालत में पुलिसकर्मी को अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जिले के डीएसपी अजीत राय ने बताया कि बोरसाड में पुलिस कांस्टेबल किरण राज ने एक संदिग्ध ट्रक को रोकने का प्रयास किया। ट्रक चालक ने रूकने की बजाय रफ्तार बढ़ा दी और कांस्टेबल को कुचल दिया। पुलिसकर्मी को कुचलने के बाद चालक ट्रक को वहीं छोड़कर फरार हो गया। ट्रक राजस्थान का है। पुलिसकर्मी को तत्काल अस्पताल ले जाया गया लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। डीएसपी ने बताया कि चालक की पहचान कर ली गई है। उसकी तलाश जारी है।
बता दें आज सुबह ही झारखंड की राजधानी रांची के तुपुदाना थाने की एसआई संध्या टोपनो की भी कुचल कर हत्या की गई थी। गौ-तस्करी की सूचना पर छानबीन के लिए एसआई संध्या टोपनो घटनास्थल पर गई थीं। जांच के दौरान उनको सामने से एक संदिग्ध पिकअप वैन आता दिखा। संध्या टोपनो ने वाहन को रूकने का इशारा किया लेकिन चालक ने रफ्तार बढ़ाकर संध्या टोपनो को कुचल दिया। वहीं हरियाणा में भी मंगलवार को नूंह जिले के तावडू इलाके में एक डीएसपी की वाहन से कुचलकर हत्या कर दी गई। डीएसपी सुरेंद्र सिंह अवैध खनन की गुप्त सूचना पर औचक निरीक्षण के लिए गए थे।