24 अगस्त को पीएम मोदी के आगमन से पहले गृह मंत्री अनिल विज ने माता अमृता अस्पताल का निरीक्षण किया
ग्रेटर फरीदाबाद स्थित माता अमृता अस्पताल में 24 अगस्त को पीएम नरेंद्र मोदी के आगमन से पूर्व हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने दौरा किया। इस दौरान उनके साथ स्थानीय विधायक राजेश नागर भी मौजूद थे।

ग्रेटर फरीदाबाद (हिंदुस्तान तहलका ) : फरीदाबाद नहरपार स्थित माता अमृता अस्पताल में 24 अगस्त को पीएम नरेंद्र मोदी के आगमन से पूर्व हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने दौरा किया। इस दौरान उनके साथ तिगांव विधानसभा के विधायक राजेश नागर भी उपस्थित थे। गृह मंत्री अनिल विज ने अस्पताल प्रबंधन से उनके यहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली और कुछ कमियों को सुधारने के लिए भी कहा। बता दे सेक्टर-88 में करीब 133 एकड़ में माता अमृता अस्पताल बन कर तैयार हुआ है। 2400 बिस्तरों वाले इस अस्पताल को आने वाले 24 अगस्त को मरीजों के इलाज के लिए खोल दिया जाएगा। इस अस्पताल में लोगों को ऑन्कोलॉजी, कार्डियक साइंस, गैस्ट्रो-साइंसेस, रीनल साइंस, न्यूरोसाइंसेस, हड्डी रोग और स्ट्रोक, ट्रांसप्लांट और मां व बच्चे जैसे विभागों में इलाज दिया जाएगा।
पहले चरण में 24 अगस्त को इस अस्पताल में 500 बिस्तरों को शुरू किया जाएगा। इसके बाद अगले वर्ष यह बढ़कर 750 और पांच वर्ष में 1000 बिस्तरों पर इलाज शुरू किया जाएगा। आगामी 10 वर्षों में इस पूरे अस्पताल को शुरू किया जाएगा। जिसके बाद यहां 800 डॉक्टर सहित करीब 10 हजार लोगों का स्टाफ मरीजों का इलाज करेगा। यहां पर कुल 2400 बेड में से 534 क्रिटिकल केयर बेड होंगे।
यह भारत में सबसे अधिक क्षमता वाला अस्पताल होगा। इस अस्पताल में 64 मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर होंगे। इसके अलावा पूरी तरह से स्वचालित रोबोट प्रयोगशाला से यहां मरीजों का इलाज किया जाएगा।