लालू यादव की तबीयत बिगड़ी, गिरने से हुए तीन फ्रैक्चर
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव की तबीयत बेहद खराब होती जा रही है। देर रात उन्हें पटना से दिल्ली के एम्स में भर्ती कराया गया। यहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

बिहार: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव की तबीयत बेहद खराब होती जा रही है। देर रात उन्हें पटना से दिल्ली के एम्स में भर्ती कराया गया। यहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। लालू यादव के बेटे तेजस्वी यादव ने बताया, उनका पूरा चेकअप किया जाएगा। उसके बाद ही इलाज शुरू होगा। फिलहाल बॉडी में मूवमेंट नहीं हो पा रही है। तेजस्वी ने बताया कि गिरने से लालू यादव को तीन फ्रैक्चर हुए थे। इसके बाद उनकी स्थिति बिगड़ गई। उधर, उनके समर्थक लालू के लिए जल्द ठीक होने की दुआ कर रहे है। पटना के मंदिर और मस्जिदों में दुआ की गई। छोटे बच्चों ने भी उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। तेजस्वी ने बताया कि पिताजी को बहुत सारी दवाएं दी जा रही हैं। अब जो भी कॉम्पलिकेशन हैं, उसे दूर करने में दवाओं का कोई असर हार्ट या किडनी पर नहीं पड़े इसलिए एम्स लाया गया है। एम्स में उनका पूरा चेकअप होगा।
तेजस्वी ने बताया कि डॉक्टर से उन्हें सिंगापुर ले जाने की बात की जाएगी। उनके लिवर/किडनी ट्रांसप्लांट की बात चल रही है। उनका क्रिएटिनिन 4 के लगभग था, जो बढ़कर 6 से ऊपर हो गया। चेस्ट में भी तकलीफ थी। दो -तीन दिन फीवर भी रहा। दवाओं का डोज ज्यादा हो जाने से बेचैनी हुई थी। लालू प्रसाद की बहू और तेजस्वी यादव की पत्नी राजश्री यादव ने ट्वीटर पर लालू प्रसाद की मुस्कुराहट भरी तस्वीर पोस्ट कर लिखा है- 'ऐ दिल्ली तू कितनी खुशनसीब है, आज तेरे दर पे करोड़ों मजलूमों का चांद आया है! हे महादेव हिफाजत करना।'
राजनैतिक मतभेदों से अलग सभी दलों के राजनेता लालू यादव की सेहत के बारे में जानने के लिए परिवार को फोन कर चुके हैं। तेजस्वी ने बताया कि कुछ दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फोन कर सेहत के बारे में जानकारी ली थी। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी भी लगातार परिवार के संपर्क में है।
बता दें कि हाल ही में सीढ़ियों से गिरने से लालू यादव का कंधा फ्रैक्चर हो गया था। जिसके बाद उन्हें आनन-फानन में पटना के पारस हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। लालू प्रसाद यादव पहले से ही कई तरह की बीमारियों से जूझ रहे हैं. उन्हें डायबिटीज, ब्लड प्रेशर, दिल की बीमारी, गुर्दे की बीमारी, तनाव, थैलीसिमिया, प्रोस्टेट का बढ़ना, यूरिक एसिड का बढ़ना, पैर की हड्डी में दिक्कत और आंखों की परेशानी के अलावा किडनी संबंधी भी कई दिक्कतें हैं।
कई मामलों में हो चुकी है सजा
चारा घोटाले से जुड़े 4 मामलों में लालू यादव को पहले सजा मिल चुकी है। चाईबासा कोषागार से 37.7 करोड़ के अवैध निकासी में लालू जमानत पर हैं। इसमें उन्हें 5 साल की सज़ा हुई थी। देवघर कोषागार से 79 लाख के अवैध निकासी के घोटले के दूसरे मामले में भी वे जमानत पर हैं। इस मामले में उन्हे साढ़े 3 साल की सज़ा सुनाई गई थी। लालू यादव को 33.13 करोड़ के चाईबासा कोषागार से अवैध निकासी के तीसरे मामले में भी जमानत मिली थी। इस मामले में उन्हें 5 साल की सज़ा हुई थी। दुमका कोषागार से 3.13 करोड़ की अवैध निकासी के चौथे मामले में उन्हें दो अलग-अलग धाराओं में 7-7 साल की सज़ा सुनाई गई थी, लेकिन उसमें भी वे जमानत पर हैं।
चारा घोटाले के तहत डोरंडा कोषागार से 139.35 करोड़ रुपये के गबन के मामले में दोषी करार दिये जाने के बाद राष्ट्रीय जनता दल (राजद) चीफ 73 वर्षीय लालू प्रसाद यादव को सेंट्रल ब्यूरो इंवेस्टिगेशन (सीबीआई) की विशेष अदालत ने 21 फरवरी 2022 को पांच साल की कैद और 60 लाख रुपये जुर्माने की सजा सुनाई थी।