शिमला में भूस्खलन, एक लड़की की मौत, 2 गंभीर घायल

हिमाचल प्रदेश के जिला शिमला में भी भारी बारिश का कहर बरपा है। शिमला के ढली में बुधवार सुबह साढ़े 4 बजे भारी भूस्खलन हुआ।

शिमला में भूस्खलन, एक लड़की की मौत, 2 गंभीर घायल

शिमला: हिमाचल प्रदेश के जिला शिमला में भी भारी बारिश का कहर बरपा है। शिमला के ढली में बुधवार सुबह साढ़े 4 बजे भारी भूस्खलन हुआ। इस हादसे में एक लड़की की मौत हो गई है, जबकि 2 अन्य गंभीर रूप से घायल है। बताया जा रहा है कि जिस समय ये हादसा हुआ तीन लोग रात को टेंट में सो रहे थे।

सुबह के वक्त टनल के समीप पहाड़ी से टेंट पर भूस्खलन हुआ। इसकी चपेट में एक ही परिवार के तीन लोग आ गए। घायलों को उपचार के लिए IGMC शिमला में भर्ती कराया गया है। यहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है, जबकि मृतक के शव का पोस्टमार्टम करके बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा। घटना में घायल दोनों व्यक्ति पंजाब के बलठाणा के बताए जा रहे हैं, जो सड़क किनारे दवाइयां बेचने का काम करते हैं।

मृतक लड़की घायल दोनों व्यक्तियों की भांजी बताई जा रही है, जिसकी पहचान 14 वर्षीय करीना के तौर पर हुई है। पुलिस और मौके पर मौजूद लोगों ने ​​​हादसे की सूचना मिलने के बाद इन्हें उपचार के लिए IGMC पहुंचाया। इस हादसे में सड़क किनारे पार्क तीन गाड़ियां भी चपेट में आई हैं।

इससे वाहनों को भी काफी क्षति पहुंची है। इससे किसान भवन ढली और इंद्रनगर के लिए जाने वाले रास्ता भी बंद हो गया है। बता दें कि शिमला में आधी रात से ही बारिश हो रही है। इसी वजह से भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। जिस जगह हादसा हुआ है, वहां सड़क को चौड़ा करने के लिए कुछ समय पहले ही कटिंग की गई है। इससे ढली टनल से ढली चौक तक अभी भी हादसे का खतरा बना हुआ है।