मुलायम सिंह की पत्नी साधना गुप्ता का निधन, इस अस्पताल में ली आखिरी सांस
समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव की पत्नी साधना गुप्ता का शनिवार दोपहर निधन हो गया है।

समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव की पत्नी साधना गुप्ता का शनिवार दोपहर निधन हो गया है। बुखार और फेफड़ें के संक्रमण के चलते वह कई दिनों से अस्पताल में भर्ती थीं। गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। पति मुलायम सिंह भी आज कुछ देर पहले उन्हें देखने पहुंचे थे। साधना गुप्ता, बीजेपी नेत्री अपर्णा यादव की सास और प्रतीक यादव की मां थीं। साधना गुप्ता को शुगर सहित कई अन्य बीमारियां थीं। इसकी वजह से उन्हें मेदांता हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। उन्हें फेफड़े के संक्रमण की भी शिकायत थीं। इलाज के दौरान शनिवार सुबह साधना का निधन हो गया है।निधन के वक्त मुलायम सिंह यादव पत्नी साधना के साथ ही थे। खराब स्वास्थ्य के कारण मुलायम सिंह यादव भी उसी अस्पताल में भर्ती थे।
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सपा संरक्षक की पत्नी के निधन पर शोक व्यक्त किया है। मौर्य ने ट्विटर पर लिखा, पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव जी की पत्नी साधना गुप्ता जी के निधन का दुखद समाचार मिला,प्रभू पुण्यात्मा को अपने चरणों में जगह दे। आदरणीय मुलायम सिंह जी और परिजनों को ये दुख सहन करने की क्षमता दे! ॐ शांति शांति शांति।
बता दें साल 2003 में मुलायम सिंह की पहली पत्नी और अखिलेश यादव की मां मालती देवी का निधन हो गया था। जिसके कुछ दिन बाद सपा नेता ने खुद से 20 साल छोटी साधना गुप्ता को दूसरी पत्नी का दर्जा दिया था। साधना गुप्ता उत्तर प्रदेश के इटावा के बिधुना तहसील की रहने वाली थीं। 4 जुलाई 1986 में उनकी शादी फर्रुखाबाद के चंद्रप्रकाश गुप्ता से हुई थी। इनकी शादी के बाद 7 जुलाई 1987 में प्रतीक यादव का जन्म हुआ था। इसके दो साल बाद साधना और चंद्रप्रकाश अलग हो गए थे। इसके बाद साधना गुप्ता सपा के तत्कालीन सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव के संपर्क में आई थीं।