जम्मू कश्मीर के डोडा में एक आतंकी गिरफ्तार, गोला बारूद बरामद
जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले से एक आतंकवादी को हथियार और गोला-बारूद के साथ गिरफ्तार किया गया है।

जम्मू कश्मीर, 27 जून जम्मू कश्मीर पुलिस को सोमवार को बड़ी सफलता हाथ लगी। जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले से एक आतंकवादी को हथियार और गोला-बारूद के साथ गिरफ्तार किया गया है। उसकी पहचान फरीद अहमद के रूप में हुई है। आतंकी से मिले इनपुट के आधार पर पुलिस आगे की जांच में जुट गई है। इसकी जानकारी अधिकारियों द्वारा दी गयी थी। अधिकारियों ने बताया कि डोडा पुलिस ने सुरक्षा बलों के साथ मिलकर एक आतंकवादी फरीद अहमद को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से एक चाइनीज पिस्तौल, 14 जिंदा कारतूस, दो मैगजीन और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। आतंकी फरीद अहमद कोटी डोडा का निवासी बताया जा रहा है।
पुलिस ने बताया अमरनाथ यात्रा के चलते सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। इसी दौरान पुलिस थाना डोडा के एक पुलिस टीम ने शहर के बाहरी इलाके में नाकाबंदी की थी। तभी हथियार और गोला-बारूद ले जा रहे एक युवक को रोका गया। पुलिस ने यह भी कहा आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। वही पता चला है कि फरीद अहमद को मार्च-2022 के महीने के दौरान एक संदिग्ध से हथियार और गोला-बारूद मिला था। इसके आलावा उसे डोडा में पुलिस कर्मियों पर हमला करने का काम सौंपा गया था। गौरतलब है कि ये गिरफ्तारी ऐसे वक्त में हुई है, जब राज्य में अमरनाथ यात्रा को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम है। पुलिस ने कहा कि समय पर इस नापाक साजिश को नाकाम कर दिया गया। स्थानीय पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।