प्रधानमंत्री ने नए संसद भवन की छत पर अशोक स्तंभ का किया अनावरण
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नए संसद भवन की छत पर स्थापित राष्ट्रीय प्रतीक अशोक स्तंभ का अनावरण किया। प्रधानमंत्री अशोक स्तंभ के पास की गई पूजा अर्चना में भी शामिल हुए।

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नए संसद भवन की छत पर स्थापित राष्ट्रीय प्रतीक अशोक स्तंभ का अनावरण किया। प्रधानमंत्री अशोक स्तंभ के पास की गई पूजा अर्चना में भी शामिल हुए। अशोक स्तंभ के अनावरण के समय लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी और आवास एवं शहरी कार्य मंत्री हरदीप सिंह पुरी भी मौजूद थे। मोदी ने इस मौके पर संसद भवन के निर्माण कार्य में लगे श्रमिकों के साथ बातचीत भी की। यह अशोक स्तंभ कांस्य से बना है और इसका वजन 9500 किलोग्राम तथा ऊंचाई साढ़े छह मीटर है। इसे नए संसद भवन की छत के बीचों बीच स्थापित किया गया है। अशोक स्तंभ को इसकी जगह पर रोकने के लिए स्टील का एक मंच बनाया गया है जिसका वजन 65 किलोग्राम है।
भारत का राष्ट्रीय प्रतीक अशोक स्तंभ सारनाथ स्थित अशोक के सिंह स्तंभ की नक़ल है, जो सारनाथ के संग्रहालय में सुरक्षित है। मूल स्तंभ में शीर्ष पर चार सिंह हैं, जो एक-दूसरे की ओर पीठ किए हुए हैं। इसके नीचे घंटे के आकार , पद्म के ऊपर एक चित्र , वल्लरी में एक हाथी, चौकड़ी भरता हुआ एक घोड़ा, एक सांड तथा एक सिंह की उभरी हुई मूर्तियां हैं। एक ही पत्थर को काट कर बनाए गए इस अशोक स्तंभ के ऊपर 'धर्मचक्र' बना हुआ है।