मध्यप्रदेश में यात्रियों से भरी रोडवेज नर्मदा में पलटी , 13 की मौत बाकियों की तलाश जारी
मध्यप्रदेश के धार जिले के खलघाट में सोमवार सुबह महाराष्ट्र रोडवेज की बस नर्मदा नदी में जा गिरी। इसमें 40 यात्री सवार थे। अब तक 13 लोगों के शव बरामद हुए हैं।

मध्यप्रदेश के धार जिले के खलघाट में सोमवार सुबह महाराष्ट्र रोडवेज की बस नर्मदा नदी में जा गिरी। इसमें 40 यात्री सवार थे। अब तक 13 लोगों के शव बरामद हुए हैं। बाकी लोगों की तलाश की जा रही है। हादसा आज सुबह हुआ। बताया जा रहा है कि खलघाट में टू-लेन पुल पर एक वाहन को ओवरटेक करते समय बस बेकाबू हो गई। ड्राइवर ने संतुलन खो दिया और बस रेलिंग तोड़ते हुए नदी में जा गिरी। हादसे की जानकारी लगते ही खलघाट के स्थानीय लोगों ने सबसे पहले मदद की। जो फोटो और वीडियो सामने आए हैं, उनमें स्थानीय लोग शवों को खोजते दिखे। कुछ लोग अपनी नाव से शवों को बाहर निकालते नजर थे। उधर, इंदौर और धार से NDRF की टीम मौके पर पहुंच गई है।
बताया जा रहा है कि बस इंदौर से महाराष्ट्र के अमलनेर जा रही थी। इंदौर से घटना स्थल की दूरी करीब 90 किमी है। मारे गए 13 लोगों में 8 पुरुष, 4 महिलाएं और 1 बच्चा शामिल हैं। मृतकों की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा के हादसे पर दो बयान आए। पहले उन्होंने 15 यात्रियों को जिंदा बाहर निकालने का दावा किया है। हालांकि, घटनास्थल पर मौजूद एम्बुलेंस के ड्राइवर ने बताया कि एक भी यात्री जीवित नहीं मिला है। इसके करीब दो घंटे बाद फिर गृहमंत्री ने बताया कि बस में 14 से 15 लोग सवार थे और किसी को बचाया नहीं जा सका। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सीएम शिवराज सिंह चौहान ने इस घटना पर दुख जताया है। महाराष्ट्र की बस होने की वजह से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को घटना की जानकारी दी।