श्रद्धा कपूर के भाई सिद्धांत कपूर को बेंगलुरु पुलिस ने लिया हिरासत में, ड्रग लेने की हुई पुष्टि
सिद्धांत कपूर समेत छह लोग ड्रग्स टेस्ट में मिले पॉजिटिव

बॉलीवुड अभिनेत्री श्रद्धा कपूर से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। जानकारी के मुताबिक एक्ट्रेस के भाई को बेंगलुरु में पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। सिद्धांत कपूर पर ड्रग्स लेने का आरोप है। पुलिस ने छापेमारी के बाद उन्हें अपनी हिरासत में लिया है। सामने आई जानकारी के मुताबिक ड्रग्स केस में फंसे शक्ति कपूर के बेटे सिद्धांत कपूर को बेंगलुरु में पुलिस ने हिरासत में लिया है। गौरतलब है कि श्रद्धा कपूर के भाई समेत कुल छह लोग ड्रग्स टेस्ट में पॉजिटिव पाए गए हैं। यह सभी लोग बेंगलुरु के एमजी रोड स्थित एक होटल में पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने छापा मारते हुए तुंरत कार्रवाई की। मामले में पुलिस ने कहा कि यह स्पष्ट नहीं है कि उन्होंने ड्रग्स का सेवन किया और पार्टी में आए या होटल में उनका सेवन किया।
दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद से उठा ड्रग्स केस आए दिन सुर्खियों में रहता है। इस मामले में अब तक कई सेलेब्स के नाम सामने आ चुके हैं। वहीं, उनकी दूसरी पुण्यतिथि से पहले एक बार फिर यह मामला गर्मा गया है।
वहीं, ड्रग्स मामले में बेटे सिद्धांत कपूर नाम सामने आने पर बॉलीवुड अभिनेता शक्ति कपूर की प्रतिक्रिया भी सामने आ गई है। सोमवार को बेटे के पुलिस हिरासत में लिए जाने की खबर के बाद एक वेबसाइट से बात करते हुए शक्ति कपूर ने कहा कि, "मैं केवल एक ही बात कह सकता हूं - यह संभव नहीं है"।