प्रशासन ने नहीं कराया भूमि विवाद का निस्तारण, मोबाइल टावर पर चढ़ गया युवक

उत्तर प्रदेश में कुशीनगर जिले के विशुनपुरा थाना क्षेत्र के गौरीश्रीराम भूमि विवाद में कार्रवाई न होने से परेशान युवक सोमवार की सुबह मोबाइल टावर पर चढ़ गया।

प्रशासन ने नहीं कराया भूमि विवाद का निस्तारण, मोबाइल टावर पर चढ़ गया युवक

उत्तरप्रदेश, 27 जून कुशीनगर जिले के विशुनपुरा थाना क्षेत्र के गौरीश्रीराम भूमि विवाद में कार्रवाई न होने से परेशान युवक सोमवार की सुबह मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक की इस हरकत से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। युवक भूमि विवाद का मामला न सुलझाए जाने पर मोबाइल टावर से कूदने की धमकी देता रहा। लोगों द्वारा उसे काफी समझाया गया किन्तु वह अपनी ज़िद पर अड़ा रहा।

बता दें युवक का आरोप है कि भूमि विवाद के मामले में उसे पुलिस-प्रशासन से न्याय नहीं मिला। जिसके चलते उसे यह कदम उठाना पड़ा। युवक ने बताया उसकी भूमि पर दबंगों ने कब्जा कर लिया और जबरन पक्के मकान का निर्माण कराने लगे। जब मैंने शिकायत की तो जांच के नाम पर पुलिस और तहसीलकर्मी इधर उधर दौड़ाते रहे। तहसील के अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा भी कोई मदद नहीं की गई। इससे मजबूर होकर उसे यह कदम उठाना पड़ा। गौरीश्रीराम प्रतिनिधि के अनुसार बरवापट्टी थाना क्षेत्र स्थित ग्राम गौरीशुक्ल निवासी जितेंद्र यादव पुत्र रामचंद्र यादव सोमवार की सुबह करीब चार बजे मोबाइल टावर के पास पहुंचा। इधर-उधर टहलने के बाद मौका देखते ही वह अचानक टावर पर चढ़ गया और जोर-जोर से चिल्लाने लगा। उसके चिल्लाने से सभी लोग इकठ्ठे हो गए।  जिसके बाद वह टावर से कूदने की धमकी देने लगा। इसी दौरान वहां मौजूद लोगों ने पुलिस बुला ली। 

पुलिसकर्मी भी जितेंद्र को समझा बुझाकर टावर से उतारने की कोशिश में जुटे रहे। जितेंद्र ने कई बार एसडीएम सहित अन्य अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग की। जितेंद्र ने आरोप लगाया कि एक पक्ष उसकी भूमि पर अपना पक्का निर्माण करा रहा है। इसकी शिकायत करने पर जिला प्रशासन के अधिकारियों ने कोई कार्रवाई नहीं की। बल्कि उसका ही शांति भंग करने की आशंका में चालान कर दिया गया। जबकि दूसरा पक्ष निर्माणस्थल को अपना बताकर काम करा रहा है। कृष्णमोहन यादव ने बताया कि दो पक्षों में भूमि को लेकर विवाद है, दोनों पक्षों की सहमति से पैमाइश हो चुकी है। किन्तु जितेंद्र को इस बात से ऐतराज़ है। छह घंटे से अधिक समय से टावर पर चढ़े जीतेन्द्र की हरकत से पुलिसकर्मी परेशान नजर आए।