कार्मेल कॉन्वेंट स्कूल में बच्चों के ऊपर गिरा पेड़, कई बच्चे गंभीर रुप से घायल

चंडीगढ़ से एक बहुत बड़ी खबर सामने आ रही है। चंडीगढ़ में शुक्रवार को सेक्टर 9 स्थित कार्मेल कॉन्वेंट स्कूल में बच्चों के ऊपर एक पेड़ गिर गया।

कार्मेल कॉन्वेंट स्कूल में बच्चों के ऊपर गिरा पेड़, कई बच्चे गंभीर रुप से घायल

चंडीगढ़: चंडीगढ़ से एक बहुत बड़ी खबर सामने आ रही है। चंडीगढ़ में शुक्रवार को सेक्टर 9 स्थित कार्मेल कॉन्वेंट स्कूल में बच्चों के ऊपर एक पेड़ गिर गया। पेड़ गिरने से एक बच्चे की मौत हो गई। हालाँकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वहीं कई बच्चे गंभीर रुप से जख्मी हो गए। सभी को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया।

सिविल डिफेंस और पुलिस पेड़ को कटर से काटने में जुटी है। घायल बच्चों से मिलने डीसी और अन्य प्रशासनिक अफसर अस्पताल में पहुंचे हुए हैं।बताया जा रहा है कि लगभग 300 साल पुराना पीपल का पेड़ और इसके चारों ओर सीमेंट का चबूतरा भी बना हुआ है। बच्चे लंच टाइम में उसी के नीचे  बैठ कर अक्सर खाना खाते है और खेलते है।

यह हादसा उस दौरान हुआ जब कुछ बच्चे पेड़ के नीचे खाना खा रहे थे। इसी बीच पीपल का पेड़ उनके ऊपर गिर गया। वहीं हादसे की सूचना मिलते ही एसएसपी कुलदीप चहल मौके पर पहुंचे। जानकारी के अनुसार, एक बच्चे को गंभीर अवस्था में पीजीआई रेफर कर दिया गया है। घायल हुए दस बच्चों को सेक्टर 16 अस्पताल में भर्ती किया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही कई बच्चों के परिजन स्कूल पहुंचे। गेट के बाहर उन्होंने स्कूल में दाखिल होने की मांग की। वहीं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी स्कूल के बाहर तैनात किया गया।