आस्था कुंज से रात के अंधेरे में दो बच्चे हुए फरार, सुबह गिनती होने पर लगी भनक
हरियाणा के रेवाड़ी शहर के आस्था कुंज से देर रात कमरे की खिड़की से 2 बच्चे फरार हो गए। इसकी भनक तब लगी जब शनिवार की सुबह बच्चों की गिनती शुरू हुई।

रेवाड़ी (हिंदुस्तान तहलका) : हरियाणा के रेवाड़ी शहर के आस्था कुंज से देर रात कमरे की खिड़की से 2 बच्चे फरार हो गए। इसकी भनक तब लगी जब शनिवार की सुबह बच्चों की गिनती शुरू हुई। इसके बाद आस्था कुंज के अधिकारियों की तरफ से पुलिस को सूचना दी गई। सिटी पुलिस दोनों बच्चों को तलाशने में जुटी है। मिली जानकारी के अनुसार, फरार होने वाले बच्चों में एक झज्जर जिले का मनजीत तो दूसरा सोहिल पश्चिम बंगाल का रहने वाला है। आस्था कुंज में फिलहाल 31 बच्चों को रखा गया था। शनिवार सुबह जब गिनती की गई तो 29 बच्चे ही मिले।
इसके बाद हर बच्चे को नाम के साथ आवाज लगाई गई। जिसके बाद दो बच्चों के फरार होने की जानकारी मिली। जिसके बाद वहां हड़कंप मच गया। इसकी सूचना फौरन पुलिस को दी गई। सूचना के बाद पुलिस की एक टीम जांच के लिए आस्था कुंज भी पहुंची। साथ ही सिटी पुलिस दोनों बच्चों की तलाश करने में जुटी है। अभी दोनों बच्चों का कोई सुराग नहीं लग पाया है। आस्था कुंज की इंचार्ज मुग्धा यादव ने बताया कि मनजीत अभी चार दिन पहले ही आया था जिसके हाथ पर कई कट लगे हुए थे और वह यहां आने से पहले भी कई बार अपने घर से मुम्बई तक भाग चुका था। वही दूसरे बच्चे सोहिल को भी बहला फुसला कर अपने साथ ले गया।