- जिला में 37 लाभार्थियों को मिली 16 लाख 65 हजार की राशि
- वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये सीएम ने पात्रों को लाभांश जारी के दिए निर्देश

हिन्दुस्तान तहलका / लोकेश गुप्ता
फरीदाबाद। अब कोई भी परिवार प्रदेश में आवासहीन नहीं होगा, इसके लिए योजनाबद्ध तरीके से कदम उठाए जा रहे हैं। यह बात उपायुक्त (डीसी) विक्रम सिंह ने कही। डीसी गुरुवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में प्रधानमंत्री आवास योजना- ग्रामीण के मद्देनजर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के संबोधन से जुड़े। डीसी सहित अन्य संबंधित अधिकारियों ने मुख्यमंत्री का संदेश सुना और योजना के मद्देनजर प्रभावी ढंग से कदम उठाने का आश्वासन दिया। जिले में इस योजना के तहत 37 पात्र परिवारों को 16 लाख 65 हजार रुपये की राशि पहली किस्त मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद सीधे पात्रों के बैंक खातों में ट्रांसफर की गई।
जिला उपायुक्त ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार की संयुक्त पहल से जिला में गरीब व आवासहीन परिवारों की पहचान के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना – ग्रामीण के तहत आवास प्लस 2.0 सर्वे शुरू किया जा रहा है। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पात्र परिवारों की पहचान कर उन्हें पक्के मकान सरकार की ओर से मुहैया कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाएं सही ध्येय के साथ सही व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रशासन लगातार काम कर रहा है। इसी प्रयास के तहत जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना- ग्रामीण के तहत पात्र 37 लाभार्थियों को कुल 16 लाख 65 हजार की राशि उनके बैंक खाते में ट्रांसफर की गई है।

आवास प्लस 2.0 सर्वे शुरू, पात्र लें लाभ: डीसी
डीसी विक्रम सिंह ने बताया कि जिनके मकान कच्चे, टूटे हुए या जिनके मकानों में दरारें आई हुई हैं, खुद का पक्का घर नहीं है, जर्जर हालत में है या जो वास्तव में आवास योजना के लिए जरूरतमंद हैं, वे सभी परिवारों सर्वे कर इस योजना का लाभ जरूर उठाएं। परिवार द्वारा सर्वे किये जाने के बाद उस परिवार का सर्वे ऑनलाइन सर्वर को भेजा जाएगा। जिसके बाद उक्त गाँव का नियुक्त सरकारी सर्वेयर आपके घर का निरीक्षण करेगा और सत्यापन पूरा होते ही लाभार्थी को इस योजना का लाभ दिया जा रहा है। डीसी ने सभी ग्रामीणों से अपील कर कहा कि योजना के पात्र लोगों तक सरकार की योजना का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करें। इस तरह के सामूहिक प्रयास से सरकार के नीति व योजना का लाभ सही व्यक्ति तक पहुंच सकेगा। इस अवसर पर सीईओ जिला परिषद सतबीर मान, डीआईपीआरओ मूर्ति सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

सर्वे प्रक्रिया जाने स्टेप बाय स्टेप
सीईओ जिला परिषद सतबीर मान ने बताया कि सबसे पहले उक्त दोनों ऐप अपने मोबाइल में इंस्टॉल करें। ऐप इंस्टॉल करने के बाद आवास प्लस एप 2024 पर सेल्फ सर्वे विकल्प चुनें। अपना आधार नंबर डालें और आगे बढ़ें। उसके बाद ई-केवाईसी को पूरा करें और अपनी सेल्फी लें और आँख झपकाए,ताकि ई-केवाईसी पूरी हो सके। अगले स्टेप में अपनी लोकेशन चुनें जैसे कि कौन सा राज्य, जिला, तहसील और गाँव है, का चयन करें। फिर लाभार्थी की जानकारी भरें (सभी सदस्यों की जानकारी भरनी है)। तत्पश्चात उस परिवार के मुखिया का आधार नंबर डालें जिसका सर्वे करना है। सभी जरूरी जानकारी सही भरने के बाद सबमिट करें। इसके लिए नरेगा जॉब कार्ड अनिवार्य है। अगर किसी के पास नरेगा जॉब कार्ड नहीं हैं तो पहले नरेगा जॉब कार्ड बनवा लें। अगले स्टेप में लाभार्थी और मकान की फोटो लें। लाभार्थी की आखिरी सेल्फी लें। मकान की दो तस्वीरें लें: एक फोटो में जहाँ वह अभी रह रहा है और दूसरी फोटो में जहाँ नया मकान बनाना है। उसके बाद बैंक खाते का विवरण भरें जिसमें लाभार्थी का बैंक खाता नंबर उपलब्ध हो। एक मोबाइल से केवल एक ही सर्वे किया जा सकता है। सभी जानकारी सही-सही भरें, ताकि भविष्य में कोई समस्या न आए।


