तीन दिन में ही पाकिस्तान की हो गई 13वीं : अनिल विज
हिन्दुस्तान तहलका / लोकेश गुप्ता
अंबाला। ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि पाकिस्तान के खिलाफ युद्ध में भारत की जीत का जश्न अंबाला छावनी में तिरंगा यात्रा निकालकर पूरे उत्साह के साथ मनाया जाएगा। यह यात्रा 18 मई रविवार को सुबह 10 बजे अंबाला छावनी के राजकीय महाविद्यालय से शुरू होगी। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा में शामिल होने के लिए सभी को निमंत्रण पत्र भी बांटे जाएंगे। उन्होंने कहा कि अंबाला छावनी एक सैन्य छावनी है और यहां के निवासी और भूतपूर्व सैनिक पूरे जोश से भरे हुए हैं और सभी लोग तिरंगा यात्रा में शामिल होंगे, जिससे सैनिकों का मनोबल बढ़ेगा।
अंबाला छावनी सैन्य छावनी है : विज
विज ने अंबाला छावनी के ग्रेस पैलेस में तिरंगा यात्रा आयोजन को लेकर बड़ी संख्या में मौजूद लोगों व भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। अनिल विज कहा कि तिरंगा यात्रा देश भक्ति की भावना को लेकर सर्व समाज के साथ निकाली जा रही है। उन्होंने कहा कि अम्बाला छावनी सैन्य छावनी है और यहां के निवासियों में पूरा जोश है और तिरंगा यात्रा पूर्व सैनिक व सभी शामिल होंगे जिससे सैनिकों का मनोबल बढ़ेगा। परिवहन मंत्री अनिल विज ने कहा कि गत दिनों पाकिस्तान ने कश्मीर के पहलगाम में कायराना हरकत की थी उस पर हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पाकिस्तान को सबक सिखाने, आतंकी अड्डों को खत्म करने के लिए युद्ध लड़ा गया और तीन दिन में ही पाकिस्तान की 13वीं हो गई। विज ने कहा कि भारत ने अनेकों आतंकवादियों के ठिकाने पाकिस्तान में तबाह किए, 100 के लगभग आतंकी मारे गए और कई हवाई अड्डे नष्ट किए गए।

छावनी के विभिन्न बाजारों में जाएगी यात्रा
ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि यात्रा के लिए आम लोगों, शहर की शिक्षण, धार्मिक, सामाजिक एवं अन्य संस्थाओं को निमंत्रण दिया जाएगा ताकि इसमें सभी मिलकर इस जीत के जश्न को मनाएं। यह यात्रा रविवार को सुबह 10 बजे राजकीय कॉलेज से शुरू होकर कबाड़ी बाजार, सब्जी मंडी, सदर बाजार, निशात रोड से होते हुए राजकीय कालेज में यात्रा संपन्न होगी। उन्होंने लोगों और कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वह अधिक से अधिक लोगों को यात्रा में शामिल होने का आह्वान करें ताकि देश की सेनाओं का मनोबल सदा ऊंचा रहें और प्रत्येक देशवासी देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत रहें।


