हिंदुस्तान तहलका / विष्णु हरि पाठक
स्थानीय युवक विक्की ने दिखाई इंसानियत
मां के साथ मिलकर बचाई नवजात की जान
फरीदाबाद। मां एक शब्द नहीं, पूरी भावना होती है, लेकिन फरीदाबाद के एसी नगर से मंगलवार सुबह जो दृश्य सामने आया, उसने इस पवित्र रिश्ते को कलंकित कर दिया। एक कलयुगी मां ने अपने ही मासूम नवजात को जन्म देने के कुछ ही घंटों बाद ठुकरा दिया और गंदगी से भरे एक पुराने मकान की छत पर अखबार में लपेटकर छोड़ गई। मासूम बच्चा सुबह की ठंडी छत पर जोर-जोर से रो रहा था और उसकी नाल तक नहीं कटी थी।
घटना मंगलवार सुबह करीब छह बजे की है, जब एसी नगर के रहने वाले विक्की ने गली से गुजरते वक्त बच्चे के रोने की आवाज सुनी। उसे आवाज पुराने, सुनसान मकान की छत से आती प्रतीत हुई। जब वह ऊपर पहुंचा तो उसके होश उड़ गए। वहां अखबार पर लिपटा एक नवजात शिशु बेसुध पड़ा था, जिसके शरीर पर खून के निशान थे और नाल भी नहीं कटी थी। न तो कोई कपड़ा था, न कोई देखभाल। विक्की ने तुरंत नीचे जाकर अपनी मां को बुलाया और दोनों ने मिलकर उस मासूम को नीचे लाकर पहले उसे साफ किया, फिर दूध पिलाया और नजदीकी क्लिनिक ले जाकर उसकी नाल कटवाई। विक्की की इंसानियत और उसकी मां के मातृत्व ने उस मासूम की जान बचा दी। यह खबर पूरे मोहल्ले में जंगल की आग की तरह फैल गई और देखते ही देखते लोगों की भीड़ विक्की के घर के बाहर जुट गई। इसके बाद विक्की ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मी अरशद ने बच्चे को तुरंत उठाया और सिविल अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने बच्चे को पूरी तरह स्वस्थ बताया है और उसे निगरानी में रखा गया है। पुलिस ने घटना की जानकारी उच्च अधिकारियों को भी दी है और अब उस महिला की तलाश की जा रही है, जिसने इस अमानवीयता की सारी सीमाएं पार कर दीं।

पुलिस का कहना है कि पास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि यह पता चल सके कि बच्चा कब और किसने वहां छोड़ा। साथ ही आशा वर्कर गीता ने बताया कि क्षेत्र की सभी गर्भवती महिलाओं का रिकॉर्ड उनके पास है। अब यह जांच की जा रही है कि क्या किसी महिला ने गुपचुप डिलीवरी की है और बच्चे को छोड़ दिया है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका कि पिछले 12 घंटे में किस महिला की डिलीवरी हुई है, लेकिन रिकॉर्ड के आधार पर सभी से पूछताछ की जाएगी।

पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम अब उस कलयुगी मां की पहचान करने में जुटी है, जिसने अपने ही लहू के रिश्ते को इस बेरहमी से ठुकरा दिया। वहीं दूसरी ओर विक्की और उसकी मां की मानवीयता समाज के लिए एक मिसाल बनकर सामने आई है।


