Thursday, July 25, 2024
No menu items!
spot_img
Homeदिल्ली NCRनई दिल्लीबीजेपी राष्ट्रीय अधिवेशन संपन्न

बीजेपी राष्ट्रीय अधिवेशन संपन्न

-पूरी दुनिया है आएगा तो मोदी ही, एक ही मिशन- अबकी बार, 400 पार: पीएम मोदी
-370 का मील का पत्थर पार करना ही होगा: पीएम मोदी
-हम राजनीति नहीं राष्ट्रनीति के लिए निकले: पीएम मोदी

हिन्दुस्तान तहलका / ब्यूरो

नई दिल्ली – दिल्ली के भारत मंडपम में भाजपा के राष्ट्रीय अधिवेशन के दूसरे दिन रविवार (18 फरवरी) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संबोधित कर रहे हैं। मोदी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता चौबीसों घंटे देशसेवा में लगा रहता है। लेकिन आने वाले 100 दिन नई ऊर्जा, नए उत्साह से काम करने का है। प्रधानमंत्री जैन संत विद्यासागर जी महाराज की बात करते हुए भावुक भी हो गए। इससे पहले गृह मंत्री अमित शाह ने अपने 56 मिनट के भाषण में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 10 साल की उपलब्धि, रामलला के प्राण प्रतिष्ठा, कांग्रेस, राहुल गांधी, परिवारवाद, भ्रष्टाचार, इंडिया अलायंस और 2024 लोकसभा चुनाव पर बात की।

शाह ने कांग्रेस पर कहा- इन लोगों ने अपनी सरकार रहते जमीन से आसमान और समंदर तक घोटाले किए। शाह ने इंडिया अलायंस पर निशाना साधते हुए कहा- विपक्षी दलों का ये गठजोड़ सिर्फ 7 पारिवारिक पार्टियों का गठबंधन है। उसे सिर्फ अपने परिवार की चिंता है। अधिवेशन में यूपीए  सरकार के 10 साल के कार्यकाल के दौरान भारतीय अर्थव्यवस्था पर एक श्वेत पत्र जारी किया गया। इसके अलावा राम जन्मभूमि पर रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अभिनंदन करते हुए भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्‌डा ने श्रीराम मंदिर निर्माण पर प्रस्ताव पेश किया।

370 का मील का पत्थर पार करना ही होगा: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कहा कि पिछले 10 वर्षों में केंद्र सरकार ने जो हासिल किया है वह एक पड़ाव मात्र है और अगले पांच वर्षों में ‘विकसित भारत’ के संकल्प को हासिल करने के लिए लंबी छलांग लगानी है लेकिन इसके लिए पहली शर्त सरकार में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जोरदार वापसी है। भाजपा के दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन के समापन सत्र को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि भाजपा हर भारतीय के जीवन को बदलने के लिए और बहुत कुछ हासिल करने के लिए बहुत से निर्णय अभी बाकी हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में भारत ने जो गति हासिल की है और बड़े लक्ष्य प्राप्त करने का जो हौसला पाया है…वह अभूतपूर्व है। इसलिए नहीं कि मैं कह रहा हूं। आज दुनिया गाजे-बाजे के साथ बोल रही है। उन्होंने कहा कि भारत ने आज हर क्षेत्र में जो ऊंचाई हासिल की है, उसने हर देशवासी को एक बड़े संकल्प के साथ जोड़ दिया है और यह संकल्प है ‘विकसित भारत’ का।

370 का मील का पत्थर पार करना ही होगा: पीएम मोदी

उन्होंने कहा कि अब देश छोटे सपने नहीं देख सकता है और ना ही देश अब छोटे संकल्प ले सकता है। सपने भी विराट होंगे और संकल्प भी विराट होंगे। हमारा सपना भी है और हम सब का संकल्प भी है कि हमें भारत को विकसित बनाना है।

उन्होंने कहा कि इसमें अगले पांच वर्षों की बहुत बड़ी भूमिका होने जा रही है। अगले पांच सालों में भारत को पहले से भी कई गुना तेजी से काम करना है। अगले पांच सालों में हमें विकसित भारत की तरफ एक लंबी छलांग लगानी है। इन सारे लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए पहली शर्त है सरकार में भाजपा की जोरदार वापसी।

400 पार करने के लिए भाजपा को 370 के मील का पत्थर पार करना ही होगा

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज विपक्ष के नेता भी ‘अगली बार मोदी सरकार’ बोल रहे हैं और ‘अगली बार राजग (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) सरकार, 400 पार’ के नारे लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजग को 400 पार करने के लिए भाजपा को 370 के मील का पत्थर पार करना ही होगा। उन्होंने कहा कि आज पूरा देश मानता है 10 साल का उनका कार्यकाल आरोपमुक्त रहा है।उन्होंने कहा कि 25 करोड लोगों को गरीबी से बाहर निकलना कोई सामान्य उपलब्धि नहीं है।

मैं भाजपा सरकार का तीसरा कार्यकाल सत्ता भोग के लिए नहीं मांग रहा हूं

उन्होंने कहा कि पूरा देश मानता है कि हमने देश को महाघोटाले और आतंकी हमलों से मुक्ति दिलाई है, गरीब और मध्यम श्रेणी के लोगों का जीवन बेहतर करने का प्रयास किया है। छत्रपति शिवाजी महाराज को अपनी प्रेरणा बताते हुए मोदी ने कहा कि वह अपने सुख और वैभव के लिए जीने वाले व्यक्ति नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि मैं भाजपा सरकार का तीसरा कार्यकाल सत्ता भोग के लिए नहीं मांग रहा हूं। मैं राष्ट्र का संकल्प लेकर निकला हुआ व्यक्ति हूं। अगर मैं अपने घर की चिंता करता तो आज करोड़ों गरीबों के घर नहीं बन पाते। मैं देश के करोड़ों बच्चों के भविष्य के लिए जीता हूं।

हर भारतीय के जीवन को बदलने के लिए बहुत कुछ हासिल करना है

देश के युवाओं, महिलाओं और गरीबों के सपने व संकल्प को ‘मोदी का संकल्प’ बताते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि वह इस संकल्प की पूर्ति के लिए ही दिन-रात एक कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि10 वर्षों में हमने जो हासिल किया वह एक पड़ाव मात्र है। मंजिल तक पहुंचाने का एक नया विश्वास है। हमें अभी देश के लिए और कोटि-कोटि भारतीयों के लिए और हर भारतीय के जीवन को बदलने के लिए बहुत कुछ हासिल करना है। इसके लिए बहुत से निर्णय अभी बाकी है।

प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं को आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर अगले सौ दिन नई ऊर्जा, नयी उमंग, नए उत्साह, नय विश्वास और नए जोश के साथ काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, ‘‘आज 18 फरवरी है और इस कालखंड में जो युवा 18 वर्ष के पड़ाव पर पहुंचे हैं वह देश की 18वीं लोकसभा का चुनाव करने वाले हैं। अगले 100 दिन हम सबको जुट जाना है। हर नए मतदाता तक पहुंचना है और हर लाभार्थी तक पहुंचना है। हर घर, समाज, पंथ और सब लोगों के पास पहुंचना है और हमें सबका विश्वास हासिल करना है।’’ उन्होंने कहा कि और जब सबका प्रयास होगा तो देश की सेवा के लिए सबसे ज्यादा सीट भी भाजपा को ही मिलेगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments

Translate »