-जीके के. स्कूल मुंबई की प्रधानाध्यापक को राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान
-शिक्षा और समाजसेवा में उल्लेखनीय योगदान
हिंदुस्तान तहलका/ दीपा ठाकुर
मुंबई। मुंबई सेक्टर-1 स्थित जीके के. स्कूल, एंटोफिल की प्रधानाध्यापक डॉ. सुमित्रा महाराणा को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से प्रशंसा पत्र प्राप्त हुआ है। यह सम्मान न केवल उनके व्यक्तिगत समर्पण और समाजसेवा की पहचान है, बल्कि विद्यालय परिवार और शिक्षा जगत के लिए भी गर्व का क्षण है।

शिक्षा और समाजसेवा में विशिष्ट योगदान
डॉ. सुमित्रा ने जर्मनी के अंतर्राष्ट्रीय विश्वविद्यालय से योग विषय में डॉक्टरेट की मानद उपाधि प्राप्त की। उन्होंने मुंबई विश्वविद्यालय से हिंदी में स्नातकोत्तर और ओडिशा के आनंदपुर कॉलेज से स्नातक की उपाधि हासिल की। शिक्षा के साथ ही वह कॉलेज के दिनों से सामाजिक कल्याण कार्यों में सक्रिय रही हैं।
विवाह के बाद सुप्रसिद्ध लेखक डॉ. बिजयकुमार के साथ मिलकर उन्होंने जरूरतमंदों की सेवा को ही जीवन का ध्येय बना लिया। दोनों रक्तदान, कैंसर रोगियों की मदद, वृक्षारोपण और योग प्रसार जैसी गतिविधियों में सक्रिय हैं। उनकी सेवाओं के लिए 2019 में अमेरिकन काउंसिल ऑफ रिसर्च एंड डेवलपमेंट (यूएसए) ने उन्हें अंतर्राष्ट्रीय सर्वश्रेष्ठ शिक्षक पुरस्कार से नवाजा। वहीं, महाराष्ट्र सदन, नई दिल्ली में उन्हें राष्ट्रीय गौरव सम्मान (राष्ट्रीय युवा पुरस्कार) भी प्रदान किया गया।

प्रधानमंत्री का स्नेहभरा संदेश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने पत्र में लिखा कि रक्षाबंधन के इस पावन पर्व पर आपके स्नेहपूर्ण और हार्दिक भावों के लिए आभारी हूँ। आज देश महिला-प्रधान विकास के मूल मंत्र के साथ प्रगति के पथ पर अग्रसर है। विभिन्न क्षेत्रों में योगदान दे रही नारी शक्ति अमृतकाल में राष्ट्र को नई ऊँचाइयों पर ले जाएगी। मुझे विश्वास है कि आप अपने कार्यों और संकल्पों को भारत की प्रगति से जोड़कर राष्ट्र और समाज की बेहतरी में योगदान देती रहेंगी। ईश्वर आपको उत्तम स्वास्थ्य, सुख और समृद्धि प्रदान करें। प्रधानमंत्री का यह पत्र महिला सशक्तिकरण के महत्व को रेखांकित करता है और डॉ. सुमित्रा जैसी महिलाओं को नई प्रेरणा देता है।

विद्यालय परिवार में खुशी की लहर
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने विद्यालय की गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्थान लंबे समय से रक्तदान शिविर, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान और योग चिकित्सा जैसी योजनाओं में अग्रणी रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि निकट भविष्य में विद्यालय का दौरा करेंगे। सीपीडब्ल्यूडी के पूर्व मुख्य अभियंता रमेश गर्ग ने कहा कि डॉ. सुमित्रा और उनके पति लगातार अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का सफल आयोजन कर रहे हैं। प्रधानमंत्री से मिली यह प्रशंसा पूरे विद्यालय और शिक्षा जगत के लिए प्रेरणादायी है।
सुमित्रा महाराणा जीके के स्कूल की सबसे मेहनती और प्रतिभाशाली शिक्षिकाओं में से एक हैं। मुझे उम्मीद है कि वह भविष्य में निश्चित रूप से और अधिक प्रगति करेंगी।
डॉ. जे.एम. सिंह, केंद्र प्रभारी, जी.के.के. स्कूल


