-बीकेटी में पुलिस चेकिंग के दौरान किया फायरिंग
-आरोपी पर लूट और चोरी के 15 मुकदमे दर्ज
तहलका जज्बा / ब्यूरो
लखनऊ। गुरुवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लगी है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दूसरा मौके से फरार हो गया है। दोनों के ऊपर शहर के अलग-अलग थानों में लूट और चोरी के 15 मुकदमे दर्ज हैं। एडीसीपी नॉर्थ जितेंद्र कुमार दुबे ने बताया कि घटना बक्शी का तालाब थाना क्षेत्र की है। किसान पथ के अस्ती रोड में रात 12.30 बजे गाड़ियों की चेकिंग चल रही थी। तभी एक बाइक पर दो लोग आते दिखे। संदिग्ध लगने पर रुकने का इशारा किया तो आरोपी अमित कुमार रस्तोगी फायरिंग कर दिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में गोली लगने के कारण वह घायल हो गया है।अमित कुमार रस्तोगी 25 हजार का इनामी बदमाश है। वह छोटा भरवारा का रहने वाला है। जबकि उसका साथी राहुल गौतम भाग गया है। उसकी तलाश की जा रही है।