– सफाई कर्मचारी संत कबीर कुटीर पर मुख्यमंत्री को देने आए थे जन्मदिन की बधाई
नितिन गुप्ता, मुख्य संपादक
तहलका जज्बा / चंडीगढ़। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपना जन्मदिन आज मुख्यमंत्री आवास संत कबीर कुटीर में स्वच्छता नायकों के साथ बड़ी सादगी से मनाया। इस अवसर पर स्वच्छता नायकों ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट कर उन्हें बधाई व शुभकामनाएं देते हुए उनकी दीर्घायु की कामना की। मुख्यमंत्री ने उन्हें सम्मानित किया और उनके साथ नाश्ता भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे सफाई कर्मचारी स्वच्छता के प्रहरी हैं और उनके सहयोग के बिना प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के स्वच्छ भारत मिशन का लक्ष्य साकार नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि स्वच्छता नायक ही सही मायनों में कड़ी मेहनत कर लोगों को स्वच्छता का संदेश देते हैं। हरियाणा सरकार ने भी स्वच्छता नायकों के हितों के लिए हरियाणा राज्य सफाई कर्मचारी आयोग का गठन किया है, जो समय -समय पर कर्मचारियों के हितों व उनके बच्चों के कल्याणकारी निर्णयों के बारे सरकार के संज्ञान में लाते हैं। इसके उपरांत मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी चंडीगढ़ के सैक्टर-31 स्थित राजकीय बौद्धिक विकलांग पुनर्वास संस्थान पहुंचे और संस्थान के बच्चों के साथ अपना जन्मदिन मनाया। मुख्यमंत्री ने संस्थान के बच्चों द्वारा किये जा रहे कार्यों का अवलोकन भी किया और उनके कार्यों की सराहना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बच्चों को उपहार भी वितरित किए।

राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री एवं अन्य मंत्रियों ने हरियाणा के मुख्यमंत्री सैनी को जन्मदिन पर दी बधाई व शुभकामनाएं
चंडीगढ़। भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं दी हैं। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उन्हें एक जमीनी नेता के साथ-साथ कर्मशील भी बताया। प्रधानमंत्री ने कहा कि श्री सैनी ने खुद को समाज सेवा में समर्पित किया हुआ है और हरियाणा की तरक्की और उन्नति के लिए अनेक प्रयासों को क्रियान्वित कर रहे हैं। हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय और पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने भी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को जन्मदिन की बधाई दी।
इसके अलावा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को उनके जन्मदिन पर बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में हरियाणा विकास के पथ पर अग्रसर है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं देते हुए कहा ईश्वर आपको उत्तम स्वास्थ्य और मंगलमय जीवन प्रदान करे। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने भी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को जन्मदिन की बधाई दी। केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल ने भी मुख्यमंत्री को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा कि आप प्रदेश को नित नई ऊंचाइयों पर लेकर जाएं। इसके अलावा, लोकसभा स्पीकर ओम बिरला और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी मुख्यमंत्री को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं दी। प्रदेश के कोने-कोने से आज मुख्यमंत्री आवास संत कबीर कुटीर पर आए नागरिकों ने भी मुख्यमंत्री को जन्मदिन पर बधाई व शुभकामनाएं दी।