हिंदुस्तान तहलका / संवाददाता
फरीदाबाद। हरियाणा बिजली वितरण निगम की बड़ी लापरवाही का खुलासा तब हुआ जब एनएच-2 स्थित ताऊ देवीलाल वृद्धाश्रम को मात्र 16 दिन का बिजली बिल 2 लाख 44 हजार 246.68 रुपये का बिल भेज दिया गया। इस भारी बिल को देखकर वृद्धाश्रम के संचालक किशन लाल बजाज का सिर चकरा गया। उन्होंने बिजली विभाग पर गंभीर आरोप लगाते हुए इसे जल्द सुधारने की मांग की है।
किशन लाल बजाज ने बताया कि वृद्धाश्रम का मीटर नंबर 1000221 और एकाउंट नंबर 5928086746 है। जनवरी 2025 का 16 दिन का बिल इतने भारी राशि का आना बेहद हैरान करने वाला है। वृद्धाश्रम में लावारिस बुजुर्गों की सेवा की जाती है, जिन्हें वे शहर के अलग-अलग हिस्सों से उठाकर लाते हैं। संचालक ने बताया कि सरकारी मदद ना मिलने के कारण वे आर्थिक रूप से पहले से ही परेशान हैं, ऐसे में इस भारी बिल ने उनके सामने नई मुसीबत खड़ी कर दी है।
किशन लाल बजाज ने हरियाणा बिजली वितरण निगम के एसई को लिखित शिकायत भी दी है और जल्द से जल्द इस बिल की गलतफहमी को दूर करने की अपील की है ताकि वृद्धाश्रम बिना किसी तनाव के अपने कार्यों को जारी रख सके। इस मामले में बिजली विभाग की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। लेकिन स्थानीय लोग और वृद्धाश्रम से जुड़े लोग बिजली विभाग की इस लापरवाही पर चिंता जता रहे हैं और जल्द उचित कार्रवाई की उम्मीद कर रहे हैं।


