Tuesday, May 19, 2026
No menu items!
spot_img
Homeअन्य राज्यफरीदाबाद में गुरु गोबिंद सिंह जी के पवित्र जोड़े के दर्शन को...

फरीदाबाद में गुरु गोबिंद सिंह जी के पवित्र जोड़े के दर्शन को उमड़ी संगत सीएम सैनी ने कहा – “गुरु की कृपा से मिटा हर दुख”

फरीदाबाद। औद्योगिक नगरी फरीदाबाद शुक्रवार को भक्ति और श्रद्धा के रंग में रंग गई, जब ‘चरण सुहावे गुरु चरण यात्रा’ शहर पहुंची। दिल्ली के ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री मोतीबाग साहिब से रवाना हुई यह यात्रा तख्त श्री हरमंदिर जी पटना साहिब की ओर अग्रसर है। यात्रा में दशम पिता श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज और माता साहिब कौर जी के पवित्र जोड़ा साहिब को लेकर आई संगत का जगह-जगह श्रद्धापूर्वक स्वागत किया गया।

गुरुवार रात को बदरपुर बॉर्डर से प्रवेश करने के बाद यह यात्रा सेक्टर-37 और सेक्टर-15 स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा से होती हुई गुरुद्वारा दरबार साहिब, एनआईटी नंबर 5 पहुंची। यहां देर रात तक कीर्तन और अरदास के कार्यक्रम चले। शुक्रवार सुबह मुख्य पड़ाव पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और गुरु के जयकारों से पूरा वातावरण गूंज उठा।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी स्वयं सिख वेशभूषा में गुरुद्वारा दरबार साहिब पहुंचे और पवित्र जोड़ा साहिब के दर्शन कर मत्था टेका। उन्होंने कहा, “आज औद्योगिक नगरी फरीदाबाद वास्तव में धन्य हो गई है। गुरु गोबिंद सिंह जी और माता साहिब कौर जी के पवित्र जोड़े के दर्शन का सौभाग्य मिलना किसी वरदान से कम नहीं। आज इस धरती पर गुरु जी के चरणों की धूल पड़ी है, यही सबसे बड़ा पुण्य है।”

मुख्यमंत्री सैनी ने कहा, “गुरु गोबिंद सिंह जी सिर्फ सिखों के नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र के मार्गदर्शक हैं। उनकी वाणी और जीवन दर्शन हर भारतीय को प्रेरणा देते हैं। गुरुओं की वाणी सदा हमारा मार्गदर्शन करती रहती है और हमें धर्म, वीरता और सच्चाई के पथ पर चलना सिखाती है।” उन्होंने आगे कहा कि “गुरु गोबिंद सिंह जी की कुर्बानी और वीरता पर हर भारतवासी को गर्व है। उन्होंने अत्याचार के खिलाफ आवाज उठाई और अपने चारों साहिबजादों सहित पूरा परिवार धर्म की रक्षा में बलिदान कर दिया। ऐसी मिसाल विश्व में कहीं नहीं मिलती।”

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर बताया कि हरियाणा सरकार 1 नवंबर से 24 नवंबर तक पूरे प्रदेश में गुरु तेग बहादुर जी का 350वां प्रकाश पर्व बड़े श्रद्धा समारोह के रूप में मनाएगी। इसके अलावा उन्होंने कहा कि “हमारी सरकार ने उस पवित्र भूमि चिल्ला साहिब, जहां गुरु नानक देव जी ने तपस्या की थी, उसे पवित्र गुरुद्वारा साहिब के नाम कर दिया है।”

सीएम सैनी ने यह भी घोषणा की कि 1984 के दंगों के पीड़ित 121 परिवारों में से प्रत्येक के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि यह फैसला मानवता और न्याय के सिद्धांतों पर आधारित है।

इस पावन अवसर पर केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी भी यात्रा में शामिल हुए। उनके साथ हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल, खाद्य मंत्री राजेश नागर, खेल मंत्री गौरव गौतम, विधायक मूलचंद शर्मा, धनेश अदलखा और सतीश फागना सहित कई गणमान्य नेता मौजूद रहे।

फरीदाबाद से अब यह पवित्र यात्रा आगरा के लिए रवाना होगी। इस दौरान संगत गुरुद्वारा दरबार साहिब में जोड़ा साहिब के पावन दर्शन कर रही है। श्रद्धालुओं में गुरु चरणों के इस दिव्य दर्शन को लेकर गहरी आस्था और उल्लास का माहौल है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments

Translate »