फरीदाबादवासियों के लिए जल्द ही एक बड़ी सौगात आने वाली है। अब नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक का सफर और भी तेज़ व आसान हो जाएगा। शहरी विकास प्रधान सलाहकार डी.एस. ढेसी ने ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे और कालिंदी कुंज मार्ग के निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।
प्रमुख निर्देश और प्रगति की समीक्षा
गुरुवार को सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय में विकास परियोजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें डी.एस. ढेसी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि नोएडा एयरपोर्ट के लिए बन रहे ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे को समय पर पूरा करने के लिए निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए।
कालिंदी कुंज मार्ग, जो दिल्ली और नोएडा के ट्रैफिक को राहत देने वाला है, उसके एलिवेटेड रोड सेक्शन पर भी काम तेज़ किया जाए।
कालिंदी कुंज मार्ग पर 1 किलोमीटर खंड की DPR तैयार
अधिकारियों ने बताया कि कालिंदी कुंज मार्ग के एक किलोमीटर हिस्से के लिए डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार की जा चुकी है, जिससे इसे जल्द ही कार्यान्वयन स्तर पर लाया जा सकेगा। एफएमडीए और अन्य एजेंसियों के बीच समन्वय बनाकर निर्माण की प्रक्रिया तेज की जा रही है।
फरीदाबाद की बुनियादी सुविधाओं पर विशेष ध्यान
बैठक में शहर की अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। नीलम फ्लाईओवर, सेक्टर-15 और 15A में नई स्ट्रीट लाइट्स लगाई गई हैं। ढेसी ने निर्देश दिए कि इनका रख-रखाव नगर निगम के अधीन ही रहे ताकि शहर में एकल एजेंसी मॉडल लागू हो सके।
बल्लभगढ़ जलभराव पर भी एक्शन मोड में अधिकारी
ढेसी ने विशेष रूप से बल्लभगढ़ की अनाज मंडी और बस स्टैंड क्षेत्र में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान निकालने के निर्देश दिए। संबंधित विभागों को जल निकासी के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया है।
ग्रेटर फरीदाबाद में सीवर और जलापूर्ति कार्य तेज
एसटीपी मिर्जापुर से मास्टर सीवर लाइन का कार्य भी तेज गति से चल रहा है। अमृत योजना के तहत खेड़ी ब्रिज से मिर्जापुर तक 1800 मिमी व्यास की लाइन बिछाई जा रही है।
बैठक में मंडलायुक्त संजय जून, उपायुक्त विक्रम सिंह, डीसीपी ट्रैफिक जयवीर राठी, फरीदाबाद स्मार्ट सिटी के डिप्टी सीईओ अमित मान, अतिरिक्त सीईओ एफएमडीए गौरी मिड्ढा, सीटीएम अंकित कुमार भी मौजूद थे।
फरीदाबाद शहर की कनेक्टिविटी और बुनियादी ढांचे को नया आयाम देने की दिशा में प्रशासन ने कमर कस ली है। नोएडा एयरपोर्ट तक सीधी और तेज पहुंच के साथ-साथ शहर की अंदरूनी समस्याओं के समाधान के लिए भी ज़मीनी स्तर पर काम शुरू हो चुका है। आने वाले समय में फरीदाबादवासियों को इन विकास कार्यों का बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है।


