हिंदुस्तान तहलका / विष्णु हरि पाठक
“आरएसएस हिंदुस्तान की पार्टी है, कांग्रेस में आज भी अंग्रेजों की भावना जिंदा”
अंबाला। हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कांग्रेस और उसके नेताओं पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राहुल गांधी खुद की रक्षा नहीं कर सकते, तो वे देश की क्या रक्षा करेंगे? विज ने कहा कि राहुल गांधी बार-बार यह कहते हैं कि उन्हें बोलने का मौका नहीं मिलता, लेकिन एक विपक्षी नेता में हीन भावना और पद की गरिमा की कमी देश के लिए चिंता का विषय है। मंत्री अनिल विज मीडिया से बातचीत कर रहे थे, जहां उनसे महबूबा मुफ्ती के उस बयान पर सवाल किया गया था, जिसमें उन्होंने कहा कि राहुल गांधी धर्मनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करें। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए विज ने तंज कसते हुए कहा कि जो खुद की गरिमा नहीं बचा सकते, वे लोकतंत्र की रक्षा कैसे करेंगे?
कांग्रेस पर सीधा हमला
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा आरएसएस पर की गई टिप्पणी का जवाब देते हुए अनिल विज ने कहा कि आरएसएस का इतिहास ही देश का इतिहास है। यह देश की संस्कृति, भाषाएं और परंपराओं का प्रतीक है। उन्होंने कांग्रेस को अंग्रेजों की पार्टी करार देते हुए कहा कि इसे एक अंग्रेज एओ ह्यूम ने बनाया था और आज भी उसमें वही अंग्रेजी सोच जिंदा है। विज ने दोहराया कि आरएसएस हिंदुस्तान की पार्टी है, कांग्रेस हिंदुस्तान की पार्टी नहीं है।
भाजपा देश की रीति-नीति में विश्वास रखती है
टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी के बयान कि भाजपा को अब जय बंगाल बोलना पड़ेगा। इस पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए अनिल विज ने कहा कि भाजपा इस देश की पार्टी है। हम जय श्रीराम भी बोलते हैं, जय माता दी भी, जय कृष्णा भी और भोलेनाथ की भी जय करते हैं। हमारी मान्यताओं में सभी शामिल हैं। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि तुम जिसे चाहो उसकी जय बोलो या न बोलो, लेकिन भाजपा देश की रीति-नीति और भावनाओं का सम्मान करती है।


