चंडीगढ़। हरियाणा की राजनीति में 13 मार्च 2024 को एक नया अध्याय लिखा गया, जब साधारण किसान परिवार से निकले नायब सिंह सैनी ने राज्य के 11वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। यह दिन न सिर्फ सत्ता परिवर्तन का प्रतीक बना, बल्कि उस विश्वास और सादगी की शुरुआत भी थी, जो आज जनता का लाड़ला नायब बनकर हरियाणा की पहचान बन चुका है। अगले महीने 16 अक्टूबर को नायब सैनी को मुख्यमंत्री के रूप में दो साल पूरे होने जा रहे हैं। इन दो वर्षों में नायब सरकार ने प्रदेश में जनता के भरोसे, बदलाव और विकास की एक नई कहानी लिखी है। अब जनता का लाडला नायब भरोसे का नायक बन चुके हैं।
मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में गत महीने सफलतापूर्वक संपन्न हुई सीईटी परीक्षा को एक उत्सव के रूप में मनाया गया। जिसकी चर्चा पूरे देश में हुई।
विपक्ष की शंका, सैनी की शांति
जब सैनी ने मुख्यमंत्री की कुर्सी संभाली, तब विपक्ष ने इसे अस्थायी और मजबूरी का फैसला बताया। कयास लगाए गए कि पार्टी मुश्किल से 10 सीटें ही जीत पाएगी। लेकिन नायब सिंह सैनी ने एक भी दिन बिना काम किए नहीं छोड़ा। वे सीधे जनता से जुड़ते रहे- कभी चौपाल में, कभी गांव की गलियों में और कभी युवाओं के बीच। इस जनसंवाद ने ही अक्टूबर 2024 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को प्रचंड बहुमत दिलाया।
वादे नहीं, निभाने की राजनीति
16 अक्टूबर 2024 को लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद सैनी ने साफ किया कि उनकी राजनीति वादों की नहीं, उन्हें निभाने की है। उनके नेतृत्व में बनी योजनाएं न केवल धरातल पर उतरीं, बल्कि लोगों की ज़िंदगी में बदलाव भी लाईं।
प्रशासनिक संवेदनशीलता की नई मिसाल
सीईटी परीक्षा के दौरान सरकार ने छात्रों के लिए फ्री बस सेवा शुरू की। कई जगह बस छूटने पर पुलिस अफसरों ने अपनी गाड़ियों में छात्रों को परीक्षा केंद्र तक पहुँचाया। इस संवेदनशील पहल ने सरकार के मानवीय चेहरे को उजागर किया।
एक साल, कई बड़े फैसले और बदलाव
- महिला सशक्तिकरण : लाड़ो लक्ष्मी योजना के तहत बेटियों को 2100 रुपए की मासिक सहायता।
- गरीबों को राहत : 500 रुपए में गैस सिलेंडर, 30 गज के प्लॉट और 2.5 रुपए लाख तक की आवासीय सहायता।
- स्वास्थ्य सेवाएं : सभी जिला अस्पतालों में फ्री डायलिसिस और जरूरी इलाज।
- खेल और युवा : 1,489 खेल नर्सरियों की स्थापना, 37,000 खिलाड़ियों को लाभ।
- कानून व्यवस्था : 1,300 जेल वार्डर की भर्ती, अपराधियों पर सख्त कार्रवाई।
- विकास कार्य : नरवाना में 206 करोड़ रुपए की परियोजनाएं, सरस्वती अभयारण्य का विस्तार।
- प्रशासनिक सुधार : डीसी और एसपी को हर महीने गांवों में रात्रि प्रवास का आदेश, सीधा संवाद और त्वरित समाधान की पहल।
लाड़ले की लोकप्रियता
श्री सैनी की सादगी और जमीन से जुड़ी राजनीति ने उन्हें हरियाणा के दिलों का लाड़ला बना दिया है। न उनका कोई राजनीतिक खानदान है, न सत्ता का अनुभव, लेकिन जो है, वो है भरोसा, मेहनत और जनता के लिए समर्पण। आज हरियाणा के हर गांव, हर गली में एक ही नाम गूंज रहा है। जनता का लाड़ला नायब।
आने वाले सालों की उम्मीद
एक साल में जो भरोसा बना है, वही अगले कई वर्षों में हरियाणा को उम्मीद से विश्वास, और विश्वास से विकास की ओर लेकर जाएगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने यह सिद्ध कर दिया है कि राजनीति केवल सत्ता नहीं, सेवा है।


