किसी के हताहत होने की सूचना नहीं, मलबा हटाने में जुटी बचाव टीम
दिल्ली। बदरपुर बॉर्डर के नजदीक एक बड़ा हादसा हुआ है। एक पुरानी बहुमंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। फिलहाल बचाव टीम द्वारा मलबा हटाने का कार्य जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी आखिर इमारत गिरने की असली वजह क्या रही।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के बदरपुर बॉर्डर पर यह घटना घटी। तेज आवाज के साथ उठते धूल के गुब्बार से स्थानीय लोगों का ध्यान इस घटना की तरफ गया। अचानक इमारत गिरने से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोग घरों और दुकानों से बाहर निकल आए। सूचना मिलने पर मौके पर एनडीआरएफ की टीम, बिजली विभाग के अधिकारी, स्थानीय पुलिस कर्मी पहुंचे। हादसे की खबर फैलते ही हादसे वाले स्थान पर लोगों की भीड़ लग गयी। सुरक्षा कारणों से इलाके की बिजली काट दी गई है। आसपास के पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर ली गई है।
दिल्ली जिला मजिस्ट्रेट साउथ ईस्ट ने मौके पर मौजूद कर हालात का जायजा लिया। उन्होंने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि बिल्डिंग गिरने की वजह का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल सभी विभाग राहत और बचाव कार्य में जुटे हैं। सबसे बड़ी राहत यह है कि किसी तरह का जानमाल का नुकसान नहीं हुआ।


