हिंदुस्तान तहलका / संवादाता
फरीदाबाद। हरियाणा में पारंपरिक उल्लास और सांस्कृतिक गौरव के प्रतीक तीज उत्सव के पावन अवसर पर आज मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी एवं प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडोली ने प्रदेशभर से पधारी बहनों और बेटियों का अभिनंदन करते हुए उन्हें शगुन की कोथली भेंट की और उनके सुख-समृद्धि की मंगलकामनाएं दीं। इस भव्य आयोजन की अध्यक्षता हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी सुमन सैनी ने की।
कार्यक्रम में हरियाणा के राज्यपाल प्रो.अशिम कुमार घोष की धर्मपत्नी मित्रा घोष, स्वास्थ्य मंत्री कुमारी आरती राव, विधायक शक्ति रानी शर्मा, बिमला चौधरी, भाजपा नेत्री बंतो कटारिया सहित अनेक विशिष्ट जन उपस्थित रहे।
फरीदाबाद की महापौर प्रवीण जोशी ने भी उत्सव में सहभागिता की। उन्होंने महिलाओं के सांस्कृतिक उत्थान और पारंपरिक मूल्यों के संरक्षण हेतु आयोजित इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे पर्व हमारी सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करते हैं और सांस्कृतिक चेतना को नई दिशा प्रदान करते हैं।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि तीज का पर्व हरियाणा में त्योहारों की शुरुआत का प्रतीक है। हम सभी भगवान भोलेनाथ और माता पार्वती से प्रार्थना करते हैं कि वे हरियाणा के प्रत्येक परिवार के जीवन में खुशियाँ, उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि का संचार करें।


