Tuesday, May 19, 2026
No menu items!
spot_img
Homeदिल्ली NCRफरीदाबादअंतरराष्ट्रीय योग दिवस: शहर से गांव तक बही योग की बयार, हर...

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस: शहर से गांव तक बही योग की बयार, हर वर्ग ने किया प्राणायाम और ध्यान

तनावपूर्ण माहौल में योग शांति और संतुलन का मार्ग दिखाता है : कृष्ण पाल

  • स्मार्ट सिटी फरीदाबाद ने योग से निरोग होने का लिया आज संकल्प
  • हर वर्ग-उम्र, तन-मन और आत्मा के जुड़ाव का सामूहिक योगाभ्यास

तहलका जज्बा / दीपा राणा

फरीदाबाद। 21 जून की सुबह कुछ खास थी…सूरज की किरणों के साथ-साथ औद्योगिक नगरी की फिजा में घुला योग का उजाला। शहर की तेज रफ्तार जिंदगी कुछ पल थमी और सांसों की रफ्तार पर ध्यान टिका। फैक्ट्री की मशीनें शांत थीं, लेकिन पार्कों, गलियों और गांव की चौपालों में गूंज रही थी ‘ओम्’ की ध्वनि। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर शहर से लेकर गांव तक हर वर्ग, हर उम्र ने तन, मन और आत्मा को जोड़ने की कोशिश और पूरा इलाका बन गया योगमय।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस: प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की पहल से वैश्विक योग आंदोलन की प्रेरणा बना भारत : कृष्ण पाल गुर्जर

  • योग को रोजगार से जोड़ने की दिशा में सरकार की पहल, युवाओं को विश्वस्तरीय मानकों पर प्रशिक्षण देने की आवश्यकता
  • एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग – वैश्विक शांति, स्वास्थ्य और समरसता की ओर भारत की अग्रसर पहल

दृढ़ संकल्प और उत्साह के साथ हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2025 अभूतपूर्व स्तर पर देश और पूरी दुनिया में मनाया जा रहा है। केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर आज शनिवार को स्थानीय सेक्टर-12 स्थित खेल परिसर में जिला स्तरीय 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह के अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित लोगों को सम्बोधित कर रहे थे।

45 मिनट की योग दिनचर्या को मिल रहा वैश्विक समर्थन, ऑनलाइन भी उपलब्ध

केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि 21जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाया जाना भारत के दूरदर्शी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल का परिणाम है। दिसंबर 2014 में संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) द्वारा भारत के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से स्वीकार किया गया था। तभी से, वर्ष 2015 से हर वर्ष यह दिवस पूरे विश्व में बड़े उत्साह और जोश के साथ मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि भारत में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को कॉमन योग प्रोटोकॉल के अंतर्गत एक समन्वित योग सत्र के रूप में मनाया जाता है। इस प्रोटोकॉल को भारत के योग विशेषज्ञों द्वारा विकसित किया गया है, ताकि योगाभ्यास में एकरूपता लाई जा सके। यह 45 मिनट की दिनचर्या है जिसमें विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान को सम्मिलित किया गया है।  

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस: वैश्विक योग आंदोलन की प्रेरणा बना भारत

केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा की पहला अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून 2015 को ऐतिहासिक रूप से मनाया गया। देश के प्रधानमंत्री कॉमन योग प्रोटोकॉल का नेतृत्व करते हैं। कोविड-19 महामारी के दौरान 2020 और 2021 में “घर पर योग, परिवार के साथ योग” और “स्वास्थ्य के लिए योग” की थीम पर डिजिटल रूप में आयोजन किए गए। उन्होंने बताया कि 2025 में मनाया जा रहा 11वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस इस दशक की यात्रा का उत्सव है, जिसने योग को वैश्विक स्तर पर स्वास्थ्य और मानसिक शांति का साधन बना दिया है। इस वर्ष देशभर में 10 प्रमुख पहल—जैसे योग संगम, योग बंधन, योग महाकुंभ आदि—के माध्यम से योग को समाज के हर वर्ग तक पहुँचाने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे यह आम जनजीवन का हिस्सा बन सके।

एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग–वैश्विक शांति, स्वास्थ्य और समरसता की ओर भारत की अग्रसर पहल

केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2025 के अवसर पर कहा कि भारत सरकार “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग” थीम को प्रमुखता से आगे बढ़ा रही है। यह विषय 2023 में भारत की G-20 अध्यक्षता के दौरान प्रस्तुत “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य” दृष्टिकोण पर आधारित है, जो यह दर्शाता है कि व्यक्ति का स्वास्थ्य और धरती का कल्याण आपस में गहराई से जुड़े हैं। यह “सर्वे सन्तु निरामयाः” की भारतीय सोच को दर्शाता है, विशेषकर कोविड-19 के बाद, जब मजबूत स्वास्थ्य प्रणालियों और वैश्विक सहयोग की महत्ता बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि आज के तनावपूर्ण माहौल में योग शांति और संतुलन का मार्ग है, जो न केवल व्यक्ति बल्कि पूरे समाज और विश्व में समरसता लाने में सक्षम है। उन्होंने यह भी कहा कि युवाओं को योग के माध्यम से कौशलयुक्त कर उन्हें विश्व में भारत के प्रतिनिधि के रूप में तैयार किया जाना चाहिए। इसके लिए योग के प्रशिक्षण को व्यवस्थित करने और वैश्विक मानकों पर आधारित बनाना जरूरी है। सरकार का उद्देश्य योग को शहरों से लेकर गांवों तक जन-जन तक पहुँचाना है, ताकि भारत स्वस्थ और सशक्त बन सके। उन्होंने नागरिकों से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया, क्योंकि यही व्यक्तिगत सुख, सामाजिक सौहार्द और वैश्विक शांति का रास्ता है।

कार्यक्रम के अंत में एडीसी सतबीर मान ने मुख्य अतिथि तथा विशिष्ठ अतिथियों का कार्यक्रम में शिरकत करने पर उनका धन्यवाद किया पतंजलि योगपीठ से आए योगाचार्य डॉ ओम प्रकाश, योग आचार्य अंकुर सिंह तथा योग विशेषज्ञ विकास यादव ने मंचासीन होकर योग योगाभ्यास का नेतृत्व किया और उपस्थित जनों को ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, त्रिकोणासन, वज्रासन प्राणायाम और ध्यान अभ्यास विभिन्न मुद्राओं में आसन करवाए।

इस अवसर एनआईटी विधायक सतीश फागना, भाजपा जिलाध्यक्ष पंकज रामपाल पुनिया, जिला परिषद चेयरमैन विजय लोहिया, पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राजेश दुग्गल, एसडीएम फरीदाबाद अमित गुलिया, आयुष विभाग से जिला आयुष अधिकारी डॉक्टर मनीषा लम्बा, आयुष विभाग से डॉ. मोहित वासुदेव सहित तमाम विभागों के अधिकारीगण व गणमान्य नागरिकों ने जिला स्तरीय 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह में शामिल होकर योगाभ्यास किया।

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण एजेएनआईएफएम के अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह में शामिल हुईं

फरीदाबाद। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह के हिस्से के रूप में, केंद्रीय वित्त और कॉर्पोरेट मामलों की मंत्री निर्मला सीतारमण ने फरीदाबाद में अरुण जेटली राष्ट्रीय वित्तीय प्रबंधन संस्थान (एजेएनआईएफएम) में 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (आईडीवाई) 2025 समारोह में शामिल हुईं। एजेएनआईएफएम में उपस्थित लोगों ने विशाखापत्तनम से प्रधानमंत्री के संबोधन को भी देखा, जिसके बाद मोरारजी देसाई योग संस्थान के योग साधकों के मार्गदर्शन में योग सत्र का आयोजन किया गया। फरीदाबाद स्थित एजेएनआईएफएम में 400 से अधिक प्रतिभागियों ने 45 मिनट से अधिक समय तक उत्साहपूर्वक योगाभ्यास किया।

इस अवसर पर वित्त सचिव और आर्थिक मामलों के सचिव; वित्त मंत्रालय और कॉर्पोरेट मामलों के मंत्रालय के सभी विभागों के सचिव, विशेष कार्य अधिकारी और डीईए के मनोनीत सचिव; केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) के अध्यक्ष और वित्त मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद थे।

योग जीवन जीने और स्वस्थ रहने की अनूठी कला : विपुल गोयल

हरियाणा के राजस्व,शहरी स्थानीय निकाय मंत्री श्री विपुल गोयल ने तिगांव में खंड स्तरीय कार्यक्रम का किया शुभारंभ

पीएम श्री नरेन्द्र मोदी ने योग को विश्व में दिलाई पहचान- बोले राजस्व मंत्री

तिगांव में ‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग’-थीम के साथ मनाया गया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस

तिगांव स्थित अनाज मंडी में 11 वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में खंड स्तरीय कार्यक्रम आयोजित

हरियाणा योग आयोग,जिला प्रशासन व आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में स्थानीय अनाज मंडी में एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग-थीम के साथ 11 वे अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में खंड स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। हरियाणा के राजस्व,शहरी स्थानीय निकाय मंत्री श्री विपुल गोयल ने बतौर मुख्य अतिथि दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में पहुँचने पर ग्रामीणों ने कैबिनेट मंत्री का पगड़ी व फूल माला पहनाकर स्वागत किया।

इस दौरान कैबिनेट मंत्री श्री विपुल गोयल ने उपस्थित जनों को योग युक्त हरियाणा -नशा मुक्त हरियाणा की शपथ दिलाई। उन्होंने योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित मैराथन में विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया। उन्होंने दोहराया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने हमारी प्राचीन पद्दति योग को नए रूप में जनजागरण करके, देश ही नहीं बल्कि पूरे विश्व में पहुचाने का काम किया है। पीएम ने योग के द्वारा राष्ट्र निर्माण का कार्य शुरू किया है,चूंकि जब व्यक्ति स्वस्थ होगा,तो वह देश और प्रदेश के लिए काम करेगा और उसके चिंतन मनन और कर्म पर योग का सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। रोजमर्रा की जिंदगी में योग का अपना महत्व है,योगाभ्यास से शरीर में नई ऊर्जा का संचार होता है। आज पीएम श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी 18 से 20 घन्टे जनसेवा से जुड़े कार्य कर रहे हैं। यह सब नियमित योगाभ्यास की देन है। उन्होंने आमजन का आह्वान किया कि वे योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं। जिस देश और प्रदेश में व्यक्ति योग अपनाकर स्वस्थ होंगे,वह अपने आप तरक्की की राह पर अग्रसर होगा।

राजस्व एवं शहरी स्थानीय निकाय मंत्री श्री विपुल गोयल ने कहा कि आज भारत वर्ष के साथ ही विश्व के 180 से ज्यादा देश जाति, धर्म,संप्रदाय से ऊपर उठकर योग दिवस मना रहे हैं। क्योंकि योग ही जीवन जीने और स्वस्थ रहने की कला है। देशवासियों ने योग की महत्ता को समझा है,इसका श्रेय पीएम श्री नरेंद्र मोदी और योग गुरु बाबा रामदेव को जाता है।

इस बीच योग दिवस कार्यक्रम में प्रोटोकॉल अनुरूप योगभयास के साथ ही प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के संबोधन का सीधा प्रसारण भी किया,जिसे योगसाधकों ने ध्यान पूर्वक सुना। कार्यक्रम में योगाचार्यों ने मंच से कराया यौगिक क्रियाओं का अभ्यास कार्यक्रम में उपस्थित प्रतिभागियों ने ताड़ासन, वृक्षासन, पादहस्तासन, अर्ध चक्रासन व त्रिकोणासन, बैठकर करने वाले दंडासन, भद्रासन, वज्रासन, अर्ध उष्ट्रासन, उष्ट्रासन, शशकासन, उत्तानमंडूक व वज्रासन, पेट के बल लेटकर किए वाले मकरासन, भुजंगासन, शलभासन तथा सेतुबंधासन, उत्तानपाद आसन, अर्ध हलासन, पवनमुक्तासन व शवासन आदि योगासनों व प्राणायाम का अभ्यास किया। इसके अलावा कपालभाति, अनुलोम-विलोम, शीतली, भ्रामरी व ध्यान का अभ्यास कराया गया। इस बीच फरीदाबाद पुलिस द्वारा युवाओ को नशे की प्रवृत्ति से दूर रहने,डायल 112,साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

इन गणमान्य व्यक्तियों की रही उपस्थिति

मंडल अध्यक्ष पवन नागर,आयुष डिपार्मेंट से डॉ शिवदत्त कौशिक,डॉ जयनारायण शर्मा,डॉ मोना सचदेवा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments

Translate »