| पैर में गोली लगने से बदमाश घायल |
| बदमाश पर 20 हजार रुपए का ईनाम घोषित |
| आरोपी के कब्जे से तमंचा, मोटरसाइकिल बरामद |
| गोवर्धन रोड पर हुई भिड़ंत |
हिंदुस्तान तहलका / शिवांगी चौधरी
मथुरा। थाना हाईवे पुलिस की बुधवार की देर रात फरीदाबाद के बदमाश से मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ के दौरान बदमाश के पैर में गोली लगी। पुलिस ने घायल बदमाश को गिरफ्तार कर लिया और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करा दिया। पकड़ा गया बदमाश योगेंद्र उर्फ लीलू पहलवान निवासी फरीदाबाद हरियाणा का रहने वाला है। बदमाश पर 20 हजार रुपए का ईनाम घोषित है। आरोपी के कब्जे से तमंचा, मोटरसाइकिल बरामद की गई है। यह मुठभेड़ गोवर्धन रोड पर हुई ।
कृष्णा बिहार कॉलोनी निवासी शिवकुमार केनरा बैंक के औरंगाबाद स्थित एटीएम से एक हजार रुपए निकालने के लिए गए थे। शिवकुमार ने तीन बार ट्राई किया लेकिन सफलता नहीं मिली। इसी दौरान एक अंजन व्यक्ति वहां आया और शिवकुमार के बराबर खड़ा हो गया। अज्ञात व्यक्ति ने किसी तरह शिवकुमार से निगाह बचा कर एटीएम कार्ड बदल दिया और पिन कोड देख लिया। ट्रांजैक्शन न होने पर शिवकुमार घर वापस पहुंच गए। शिव कुमार जब घर पहुंचे तो उनके मोबाइल पर खाते से रुपए निकालने के मैसेज आए जिसको देखकर वह दंग रह गए। इसके बाद उन्होंने इसकी सूचना बैंक को दी। अज्ञात व्यक्ति ने शिवकुमार के खाते से दो दिन में 3 लाख 4 हजार 849 रुपए की टप्पेबाजी कर दी। शिवकुमार ने इसकी सूचना रिफाइनरी पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात शख्स के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने जब एटीएम के सीसीटीवी कैमरे को देखा तो उसमें वह अज्ञात व्यक्ति दिखाई दिया। पुलिस ने जब उसकी जानकारी की तो पता चला वह फरीदाबाद के गांव जवा का रहने वाला योगेंद्र उर्फ लीलू पहलवान है। पहचान होने के बाद पुलिस ने लीलू पहलवान की तलाश शुरू कर दी और उस पर 20 हजार रुपए का इनाम घोषित कर दिया। बुधवार की देर रात थाना हाईवे प्रभारी आनंद शाही को मुखबिर से सूचना मिली कि थाना रिफाइनरी का इनामी बदमाश लीलू पहलवान सतोहा गोवर्धन रोड पर मौजूद है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने इसकी जानकारी स्वाट टीम को दी और मुखबिर द्वारा बताई गई लोकेशन पर पहुंच गए। मुखबिर के बताए स्थान पर पहुंची थाना हाई वे और स्वाट टीम ने जब बदमाश लीलू पहलवान की घेराबंदी की तो उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जिसके जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की। जिसमें उसके पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया। पुलिस ने घायल अवस्था में लीलू को गिरफ्तार कर लिया और इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने लीलू के पास से तमंचा 315 बोर के अलावा कारतूस और स्प्लेंडर मोटर साइकिल बरामद की।


