नोएडा। डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (DFCCIL) ने 79वां स्वतंत्रता दिवस अपने नवनिर्मित नोएडा कॉर्पोरेट कार्यालय परिसर के क्रिकेट मैदान पर हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी और गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
समारोह की शुरुआत DFCCIL के प्रबंध निदेशक प्रवीण कुमार द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराकर की गई, जिसके पश्चात उन्होंने परेड का निरीक्षण किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि कॉर्पोरेट कार्यालय में तिरंगा लहराना गौरव का क्षण है और यह संस्था की उपलब्धियों का उत्सव है।

प्रवीण कुमार ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में DFCCIL ने 37 रोड ओवर ब्रिज (ROBs) का निर्माण पूरा किया है। इसके साथ ही कुंडेवाहल टनल में ऐतिहासिक ब्रेकथ्रू हासिल किया गया है, जो पश्चिमी समर्पित माल गलियारे (JNPT–वैतरणा सेक्शन) की प्रमुख परियोजना है। इसे दिसंबर 2025 तक पूर्ण किए जाने का लक्ष्य है।
उन्होंने बताया कि DFCCIL देश के कुल माल परिवहन नेटवर्क का 13 प्रतिशत, केवल 4% रेल नेटवर्क के माध्यम से संभाल रहा है। वर्ष 2024-25 में 112 बिलियन NTKM और 192 बिलियन GTKM का रिकॉर्ड बनाया गया है, जो क्रमशः 68% और 61% की वृद्धि दर्शाते हैं। मार्च 2025 तक कुल 1,30,000 से अधिक ट्रेनों का संचालन किया जा चुका है, जिसमें प्रतिदिन 403 ट्रेनों का नया रिकॉर्ड भी शामिल है।

समारोह के दौरान DFCCIL कर्मचारियों ने देशभक्ति गीतों, नृत्य और संगीत की प्रस्तुतियों से माहौल को जोश और उमंग से भर दिया। स्वच्छता और बागवानी कर्मचारियों को सम्मानित किया गया, वहीं “स्वच्छता अभियान–2025” के प्रथम चरण के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए।
समापन के अवसर पर हेवी हॉल इंस्टिट्यूट के प्रदर्शन ट्रैक पर रेल स्कूटर और टर्नआउट मेजरमेंट ट्रॉली का लाइव प्रदर्शन किया गया, जो DFCCIL की तकनीकी दक्षता और नवाचार का प्रतीक है।
प्रवीण कुमार ने इस सफलता का श्रेय DFCCIL की टीम, प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कंसल्टेंट्स (PMC), कर्मचारियों, भारत सरकार, विभिन्न मंत्रालयों और राज्य सरकारों के सहयोग को दिया।
इस अवसर पर निदेशक/पी एंड पी पंकज सक्सेना, निदेशक/इन्फ्रा अनुराग शर्मा, निदेशक/वित्त राहुल कपूर, निदेशक/ओपी एंड बीडी शोभित भटनागर और सीवीओ परमोड कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


