हिंदुस्तान तहलका / दीपा राणा
फरीदाबाद। कजाकिस्तान में आयोजित 16वीं एशियन शूटिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाले 20 वर्षीय निशानेबाज कपिल बैंसला को लगातार बधाइयां मिल रही हैं। सोमवार को कपिल अपने कोच विकास डागर, परिजनों और सहयोगियों के साथ लघु सचिवालय, सेक्टर-12 पहुंचे, जहां उन्होंने मुख्यमंत्री के मीडिया समन्वयक मुकेश वशिष्ठ से मुलाकात की।
मुकेश वशिष्ठ ने कपिल को शॉल और फूलों का गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया तथा उनकी उपलब्धि को पूरे देश के लिए गौरव का विषय बताया। कपिल ने 10 मीटर एयर पिस्टल जूनियर मेन्स फाइनल में शानदार प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक जीतते हुए भारत का परचम लहराया।
इस अवसर पर मीडिया समन्वयक मुकेश वशिष्ठ ने कहा कि यह सफलता सिर्फ फरीदाबाद ही नहीं, बल्कि पूरे भारत के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा लागू की गई खेल प्रोत्साहन नीति और योजनाओं के चलते आज हरियाणा के युवा खेलों में नई ऊंचाइयां छू रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 1000 से अधिक खेल नर्सरियों में बाल खिलाड़ी मेहनत कर रहे हैं और यही खिलाड़ी भविष्य में ओलंपिक पदकवीर बनेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि 2028 ओलंपिक में हरियाणा के खिलाड़ी स्वर्ण पदकों की झड़ी लगाएंगे।
इस मौके पर कोच विकास डागर, धर्मवीर डागर, मोहम्मद साजिद, युवा भाजपा नेता मनीष टोंगर, जिला उपाध्यक्ष विक्रम सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।


