Tuesday, May 19, 2026
No menu items!
spot_img
Homeअन्य राज्यफरीदाबाद के युवा शूटर कपिल बैंसला को केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री ने...

फरीदाबाद के युवा शूटर कपिल बैंसला को केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री ने किया सम्मानित

-खेलो इंडिया की असली ताकत हैं हमारे युवा : कृष्णपाल
-ओलंपिक में मेडल जीतने कपिल का लक्ष्य

तहलका जज्बा / दीपा राणा

फरीदाबाद। पलवल के गांव मुनीरगढ़ी से ताल्लुक रखने वाले युवा निशानेबाज कपिल बैंसला को केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने सेक्टर-28 स्थित अपने कार्यालय में सम्मानित किया। कपिल ने हाल ही में कजाकिस्तान में आयोजित 16वीं एशियाई निशानेबाजी चैंपियनशिप में भारत को पहला स्वर्ण पदक दिलाकर जिले और देश का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि पर मंत्री ने उन्हें शाल ओढ़ाकर मिठाई खिलाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर कपिल के कोच विकास डागर भी मौजूद थे।

कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और हरियाणा सरकार खेलों को बढ़ावा देने में कोई कमी नहीं छोड़ रही हैं। प्रदेश में खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं, स्कॉलरशिप और प्रोत्साहन योजनाएं मिल रही हैं, जिससे युवा प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता मिल रही है। मंत्री ने कपिल बैंसला को इन योजनाओं का जीवंत उदाहरण बताया और कहा कि ऐसे युवा देश का गौरव हैं जो खेलो इंडिया अभियान को मजबूती देते हैं। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए जरूरी हैं, बल्कि ये अनुशासन, आत्मविश्वास और मानसिक मजबूती भी देते हैं। कपिल बैंसला जैसे खिलाड़ी हमारे युवाओं के लिए प्रेरणा हैं, जो देश को नई ऊंचाइयों पर ले जा रहे हैं। केंद्र और राज्य सरकार मिलकर हर संभव सहयोग दे रही हैं ताकि खिलाड़ी ओलंपिक और विश्व स्तर पर भी भारत का नाम चमका सकें।

मंत्री कृष्णपाल ने कपिल के दादा स्वामी बैंसला की भी तारीफ की, जिन्होंने बचपन से ही कपिल को खेलों की दिशा में प्रोत्साहित किया और लक्ष्य प्राप्ति का जज्बा बढ़ाया। मंत्री ने कहा कि परिवार, कोच और समाज का सहयोग किसी खिलाड़ी की सफलता में अहम भूमिका निभाता है। इस कार्यक्रम में कपिल के परिवार के सदस्य, कोच विकास डागर, मुनीरगढ़ी के ग्राम प्रधान प्रकाश, धरम सिंह, प्रवीण पोसवाल और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

कपिल बैंसला के शूटिंग करियर की झलक

कपिल ने 2020 में अपनी शूटिंग करियर की शुरुआत की। कड़ी मेहनत से उन्होंने 2022 में ऑल इंडिया विद्यालय स्तर की शूटिंग प्रतियोगिता में पहला स्वर्ण पदक जीता। उसी वर्ष राष्ट्रीय स्तर पर कांस्य पदक हासिल किया। 2024 में उनके प्रदर्शन में और निखार आया, जब उन्होंने पांच राष्ट्रीय पदक अपने नाम किए, जिनमे एक स्वर्ण, तीन रजत और एक कांस्य शामिल है। इस निरंतर प्रगति का नतीजा 2025 में 16वीं एशियाई निशानेबाजी चैंपियनशिप में भारत को व्यक्तिगत स्वर्ण और टीम रजत पदक दिला कर दिखा दिया। उसका सपना है कि वर्ष 2028 में होने ओलंपिक में देश की तरफ से खेलकर मेडल हासिल करें। इसकी तैयारी में कपिल लगा हुआ है। कपिल ने कहा कि उनके परिवार ने इसके लिए उनको बहुत सहयोग किया है। उन्होंने कहा कि इस गोल्ड को जीतने में अपने परिवार का सबसे ज्यादा योगदान है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments

Translate »