हिंदुस्तान तहलका / दीपा राणा
फरीदाबाद। भारतीय साइकिलिंग महासंघ (एफआईसी) और मानव रचना विश्वविद्यालय (एमआरयू) के बीच साइकिलिंग खेल के क्षेत्र में सहयोग को लेकर महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मानव रचना विश्वविद्यालय के ए ब्लॉक परिसर में मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (एमओयू) पर हस्ताक्षर समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर दोनों संस्थानों ने खेल और शिक्षा के क्षेत्र में साझेदारी को मजबूत करने का संकल्प लिया, जिससे युवा खिलाड़ियों को समग्र विकास के नए अवसर प्राप्त हों।
इस समारोह में भारतीय साइकिलिंग महासंघ के महासचिव माननीय मनिंदर पाल सिंह, एग्जीक्यूटिव मेंबर शिप्रा वर्मा, असिस्टेंट सेक्रेटरी वीएन सिंह, स्पोर्ट्स कंसल्टेंट नितिन आर्य, और मानव रचना विश्वविद्यालय के उपाध्यक्ष अमित भल्ला, स्पोर्ट्स डायरेक्टर सरकार तलवाड, कोऑर्डिनेशन हेड अगन तलवाड, हेड फिजियोथेरेपी नितेश मल्होत्रा सहित विश्वविद्यालय के वरिष्ठ पदाधिकारी और खेल विशेषज्ञ उपस्थित रहे।

मानव रचना विश्वविद्यालय के उपाध्यक्ष अमित भल्ला ने बताया कि इस एमओयू के तहत खिलाड़ियों को उच्च शिक्षा के साथ खेल प्रशिक्षण का संतुलन बनाने के लिए छात्रवृत्ति और अन्य सहायता प्रदान की जाएगी। इस समझौते से भारतीय साइकिलिंग के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित होंगे और युवा खिलाड़ी खेल और शिक्षा दोनों क्षेत्रों में आगे बढ़ सकेंगे।

मीडिया प्रभारी खेल सत्यवीर धनखड़ ने कहा कि यह एमओयू न केवल भारतीय साइकिलिंग खेल के विकास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा, बल्कि यह युवाओं को उनके खेल कौशल के साथ-साथ शैक्षणिक उन्नति के भी व्यापक अवसर प्रदान करेगा। उन्होंने आगे बताया कि इस साझेदारी के माध्यम से युवा खिलाड़ी बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं, शैक्षणिक सहयोग, और करियर निर्माण के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त करेंगे, जिससे वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकेंगे। सत्यवीर ने उम्मीद जताई कि यह कदम देश में खेल और शिक्षा के समन्वय को मजबूत करेगा और आने वाले वर्षों में नए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को मंच प्रदान करेगा।


