सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने नियुक्ति आदेश किए जारी
फरीदाबाद / चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने फरीदाबाद निवासी मुकेश वशिष्ठ को अपना मीडिया कोऑर्डिनेटर नियुक्त किया है। इस संबंध में सोमवार को सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग, हरियाणा द्वारा आधिकारिक आदेश जारी किया गया। आदेश विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित अग्रवाल द्वारा हस्ताक्षरित है। यह दूसरा अवसर है जब मुकेश वशिष्ठ को मुख्यमंत्री स्तर पर यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे पहले वर्ष 2021 में पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर द्वारा भी उन्हें यही दायित्व सौंपा गया था। उनके अनुभव, निष्ठा और पार्टी के प्रति समर्पण को देखते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उन्हें दोबारा यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी है।
पूर्व कार्यकाल में दिखाया दमखम
मुकेश वशिष्ठ के पिछले कार्यकाल के दौरान हरियाणा सरकार ने डिजिटल मीडिया पॉलिसी लागू की, जिससे पत्रकारों को नई सुविधाएं और पहचान मिली। उनके प्रयासों से गुरुग्राम में प्रेस क्लब का निर्माण भी संभव हो पाया। इसके अलावा, उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री द्वारा मेवात जिले में विशेष दायित्व भी सौंपा गया था, जहाँ वे गाँव-गाँव जाकर सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुँचाने में सक्रिय रहे। उन्होंने 9 मार्च 2024 को राजा हसन खान मेवाती बलिदान दिवस पर 20 हजार से अधिक लोगों की उपस्थिति में एक सफल आयोजन कर अपनी संगठनात्मक क्षमता और प्रभावशाली कार्यकुशलता का परिचय दिया।
संघ और एबीवीपी से जुड़ा रहा है लंबा अनुभव
मुकेश वशिष्ठ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस ) के सक्रिय कार्यकर्ता रहे हैं और उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी ) में भी वर्षों तक काम किया है। वे हरियाणा एबीवीपी के प्रदेश मंत्री और उपाध्यक्ष जैसे अहम पदों पर रह चुके हैं। उनका जमीनी अनुभव और सांगठनिक दक्षता ही उन्हें सरकार और पार्टी की जिम्मेदारियों के लिए उपयुक्त बनाता है


