हिंदुस्तान तहलका
लखनऊ। योगी सरकार ने रविवार देर रात प्रदेश में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। सरकार की तरफ से 127 उप जिलाधिकारियों (एसडीएम) के तबादले के आदेश जारी किए गए हैं। यहां एक साथ 100 से ज्यादा एसडीएम बदल गए हैं। बताया जा रहा है कि इन अधिकारियों के तबादले की मशक्कत एक महीने से चल रही थी। इन सभी एसडीएम को एक जगह से दूसरे जगह पर तैनाती के तीन साल पूरे हो गए थे। इस लिस्ट का काफी समय से सभी को इंतजार था, जो अब खत्म हो गया है
प्रमुख तबादलों में यह अधिकारी शामिल
- कुमार चंद्रबाबू, जो वर्तमान में सीतापुर के उपजिलाधिकारी (एसडीएम) पद पर कार्यरत थे, उन्हें बदायूं का एसडीएम नियुक्त किया गया है। चंद्रबाबू की गिनती उन अफसरों में होती है जिन्होंने राजस्व मामलों में विशेष दक्षता दिखाई है।
- संगीता राघव, जो अब तक सहारनपुर की एसडीएम थीं, को लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए ) में विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी) नियुक्त किया गया है। यह एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक जिम्मेदारी मानी जा रही है, जहां शहरी नियोजन और विकास से जुड़े कई अहम फैसले लिए जाते हैं।
- श्वेता, जो मथुरा की एसडीएम थीं, को उत्तर प्रदेश प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी में सहायक निदेशक बनाया गया है। यह पद प्रशासनिक प्रशिक्षण और नीति निर्माण से सीधे तौर पर जुड़ा हुआ है।
- अजय आनंद वर्मा, जो लखनऊ मेट्रो परियोजना में विशेष कार्याधिकारी के तौर पर कार्य कर रहे थे, को अब औरैया का एसडीएम बनाया गया है। मेट्रो परियोजना के तकनीकी अनुभव के चलते उम्मीद है कि वे औरैया में विकास कार्यों में तेजी ला सकेंगे।
- शशि भूषण पाठक, जो वर्तमान में ओएसडी, एलडीए थे, को अमरोहा का एसडीएम बनाया गया है। शहरी नियोजन और भूमि प्रबंधन में उनके अनुभव को देखते हुए यह तबादला रणनीतिक माना जा रहा है।


