➡ताऊ ने नाती के साथ मिलकर किया कांस्टेबल पर फावड़े और चाकू हमला
हिन्दुस्तान तहलका / ब्यूरो
इटावा – उत्तर प्रदेश के इटावा जिले स्थित गांव गोवेपुरा में पुलिस कांस्टेबल की निर्मम हत्या कर दी गई। शुक्रवार देर शाम कांस्टेबल का किसी बात को लेकर अपने ताऊ से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा की मारपीट शुरू हो गई। इसके बाद ताऊ ने नाती के साथ मिलकर कांस्टेबल पर फावड़े और चाकू से हमला कर दिया। दोनों ने कांस्टेबल के सिर, गले और सीने में ताबड़तोड़ वार किए। जब तक कांस्टेबल की मौत नहीं हो गई, तब तक उसे मारते रहे। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी ने जांच पड़ताल की है। वहीं, फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए है। मृतक के भाई ने तहरीर देकर ताऊ और उनके परिजनों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने ताऊ को हिरासत में ले लिया है।
मथुरा में तैनात थे सिपाही अनिल
अनिल कुमार यादव (42) निवासी गोवेपुरा की तैनाती मथुरा में थी। साल 2006 में अनिल यूपी पुलिस में भर्ती हुए थे। उनके दो बेटे हैं, जिनकी उम्र 14 और 16 साल है। घरवालों ने बताया कि अनिल सीओ की गाड़ी चलाते थे। शुक्रवार को अनिल छुट्टी लेकर आलू की खुदाई करवाने के लिए गोपेपुरा गांव आए थे। देर शाम ट्यूबल पर अनिल का अपने ताऊ दर्शन सिंह यादव से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। पहले दोनों में हाथापाई हुई, तभी दर्शन का नाती आ गया। इसके बाद दोनों ने मिलकर फावड़े और चाकू से सिपाही पर हमला बोल दिया। इसमें सिपाही बुरी तरह से घायल हो गया। उसकी मौके पर मौत हो गई। वारदात के बाद दर्शन नाती के साथ फरार हो गया।
जमीन के विवाद में हत्या करने का आरोप
सूचना पर एसएसपी संजय कुमार वर्मा और एसपी देहात सत्यपाल सिंह थाना पुलिस लेकर मौके पर पहुंचे। परिजनों ने घटना की जानकारी जुटाई गई। वहीं, फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं। मृतक के छोटे भाई नीरज कुमार यादव ने सैफई थाने में तहरीर दी है। इसमें अपने ताऊ, उनके बेटे और प्रपौत्र पर जमीन के विवाद में हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने ताऊ और भाई को हिरासत में ले लिया है। वहीं, शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि घटनास्थल का जायजा लेकर परिजनों से बात की है। उन्होंने मृतक के ताऊ और उनके परिवार के लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। जांच पड़ताल की जा रही है। दो लोगों को हिरासत में लिया गया है।
ताऊ के हाथ पैर खून से सने थे
मृतक भाई के विपिन यादव ने बताया कि इनकी पत्नी और दोनों बच्चे मथुरा में है। यह कल यहां गांव आए थे। सुबह मेरी भांजी ने फोन किया, उसने बताया कि अनिल भैया को काटा डाला गया है। मैं मैनपुरी में था। यहां आकर के देखा तो शव बहुत बुरी हालत थी। इस हत्या में ताऊ का नाम आया है। ताऊ के हाथ पैर खून से सने थे। इनके साथ दो-तीन लोग और थे। सुबह 4 से 5 बजे की घटना है। मेरे भाई काफी सीधे थे। उनका किसी से विवाद भी नहीं होता था।