हिंदुस्तान तहलका / विष्णु हरि पाठक
मैनचेस्टर: भारत और इंग्लैंड के बीच खेला गया चौथा टेस्ट मैच ड्रॉ रहा लेकिन इस मैच ने क्रिकेट प्रेमियों को रोमांच, संघर्ष और नए रिकॉर्ड्स का जबरदस्त तड़का दिया। मैच का सबसे चर्चित क्षण तब आया जब इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने अंतिम सत्र में हाथ बढ़ाकर मैच ड्रॉ करने का प्रस्ताव दिया जिसे भारतीय बल्लेबाज़ रवींद्र जडेजा और वॉशिंगटन सुंदर ने शतक के करीब होने की वजह से ठुकरा दिया।
स्टोक्स का प्रस्ताव और भारतीयों का इनकार-
मैच खत्म होने से लगभग एक घंटा पहले जब इंग्लैंड की जीत की संभावना नहीं रही, तब कप्तान स्टोक्स ने खेल समाप्त करने का संकेत देते हुए ‘हैंडशेक’ का प्रस्ताव दिया। लेकिन उस वक्त जडेजा 90 और सुंदर 85 रन पर थे। दोनों बल्लेबाज़ों ने ड्रॉ प्रस्ताव ठुकरा दिया और इसके बाद अपने-अपने शतक पूरे किए। जडेजा ने टेस्ट करियर का 5वां शतक और सुंदर ने अपना पहला टेस्ट शतक जमाया।
गंभीर की प्रतिक्रिया: शतक का हकदार हर कोई-
टीम इंडिया के कोच गौतम गंभीर ने इस फैसले का बचाव करते हुए कहा, “अगर कोई खिलाड़ी अपने शतक के करीब है तो उसे वह सम्मान मिलना चाहिए। इंग्लैंड की जगह भारत यह पेशकश करता तो भी हमें यही करना चाहिए था।”
जो रूट की ऐतिहासिक छलांग-
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान जो रूट ने इस मैच में 150 रनों की पारी खेली और टेस्ट क्रिकेट में राहुल द्रविड़, ज़ाक कैलिस और रिकी पोंटिंग जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़ते हुए सचिन तेंदुलकर के बाद दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए।
रूट के कुल रन: 13,409
शतक: 38 (भारत के खिलाफ 12)
बेन स्टोक्स: एक और ऑलराउंड उपलब्धि-
बेन स्टोक्स ने पहली पारी में 5 और दूसरी में 1 विकेट लेते हुए मैच में कुल 6 विकेट लिए और 141 रनों की शानदार पारी खेली।
उन्होंने टेस्ट में 7000 रन और 200 विकेट का डबल पूरा किया और ऐसा करने वाले इंग्लैंड के पहले और दुनिया के तीसरे खिलाड़ी बने (ज़ाक कैलिस और सर गारफ़ील्ड सोबर्स के बाद)।
शुभमन गिल: कप्तान के रूप में चमके-
शुभमन गिल ने इस सिरीज़ में 4 शतक लगाकर सुनील गावसकर और विराट कोहली के रिकॉर्ड की बराबरी की।
उन्होंने बतौर कप्तान डॉन ब्रैडमैन और गावसकर के साथ 1 सिरीज़ में 4 शतक लगाने का रिकॉर्ड साझा किया।
गिल के इस सिरीज़ में कुल रन: 722-
इंग्लैंड में किसी सिरीज़ में 4 शतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज (ब्रैडमैन के बाद)
अन्य रिकॉर्ड जो इस मैच में बने-
केएल राहुल:बतौर ओपनर इस सिरीज़ में 511 रन बनाए।
इंग्लैंड में 500+ रन बनाने वाले भारत के दूसरे ओपनर (गावसकर के बाद)।
एक पारी में तीन शतक:भारत की दूसरी पारी में गिल (103), जडेजा (107) और सुंदर (101) ने शतक जमाए।
यह पहली बार हुआ जब भारत की किसी पारी में तीन बल्लेबाज़ों ने शतक लगाए।
लगातार 350+ स्कोर:भारत ने इस सिरीज़ में 7 बार 350+ स्कोर बनाया।
यह किसी एक सिरीज़ में किसी भी टीम द्वारा सबसे अधिक 350+ स्कोर बनाने का रिकॉर्ड है।
बुमराह का अनचाहा रिकॉर्ड-
इंग्लैंड की पहली पारी में जसप्रीत बुमराह ने 112 रन दिए।
पहली बार किसी टेस्ट पारी में उन्होंने 100+ रन खर्च किए।
ओल्ड ट्रैफर्ड का ट्रेंड जारी-
इस मैदान पर पहले गेंदबाज़ी चुनने वाली टीमों का रिकॉर्ड खराब रहा है।
12 हार, 9 ड्रॉ – कोई जीत नहीं।
इंग्लैंड ने पहले गेंदबाज़ी करके 669 रन बनाए, लेकिन जीत हासिल नहीं कर सका।
ओल्ड ट्रैफर्ड टेस्ट भले ही ड्रॉ रहा हो लेकिन इससे जुड़े रिकॉर्ड, विवाद और संघर्ष इसे यादगार बना गए। रवींद्र जडेजा और वॉशिंगटन सुंदर का शतक के लिए संघर्ष, जो रूट और स्टोक्स की ऐतिहासिक उपलब्धियाँ और शुभमन गिल की कप्तानी इस मैच को लंबे समय तक चर्चा में बनाए रखेगा।


