- फिरोजपुर झिरका, पटौदी विधानसभा में पेयजल आधारित परियोजनाओं का किया उद्घाटन
हिन्दुस्तान तहलका / लोकेश गुप्ता
पंचकूला / चंडीगढ़। विश्व जल दिवस पर हरियाणा ऐतिहासिक क्षण का गवाह बना जब जल संरक्षण और जल संचयन की दिशा में जिला पंचकूला से राष्ट्रव्यापी अभियान जल शक्ति अभियान कैच द रेन-2025 की शुरुआत हुई। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जल शक्ति अभियानः कैच द रेन-2025 का विधिवत शुभारंभ किया। इसके अलावा, जल संरक्षण, जलापूर्ति योजनाओं व स्वच्छता अभियान के तहत कई परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया गया। इस अवसर पर सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी भी उपस्थित रही।

हमारा सौभाग्य सीआर पाटिल ने जल शक्ति अभियान की शुरुआत की : सीएम सैनी
हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने कार्यक्रम में कहा कि ‘यह हमारा सौभाग्य है कि जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने पूरे देश के लिए हरियाणा से जल शक्ति अभियान की शुरुआत की। मैं हरियाणा की इस पवित्र भूमि पर उनका स्वागत करता हूं, जहां भगवान कृष्ण ने पूरी मानव जाति को गीता और ज्ञान का संदेश दिया। लोगों को संबोधित करते हुए केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने कहा कि ‘यह पहली बार है कि जब यह कार्यक्रम दिल्ली से बाहर आयोजित किया गया है। हरियाणा में जब इस कार्यक्रम के आयोजन को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से बात की गई तो उन्होंने तत्काल इसकी मंजूरी दे दी। उन्होंने कहा कि सीएम सैनी को जल का महत्व का पता है, इसलिए उन्होंने कार्यक्रम के लिए जल्द मंजूरी दे दी।
चार राज्य के सीएम बुलाकर हरियाणा की समस्या दूर करेंगे : सीआर पाटिल
सीआर पाटिल ने कहा कि उन्हें सीएम सैनी ने बताया है कि ‘प्रदेश में पानी को लेकर चार राज्यों के साथ कुछ समस्याएं हैं। उसको हल करना है। इसे लेकर आने वाले दिनों में चारों राज्यों के मुख्यमंत्री को बुलाकर हरियाणा की सभी समस्याओं को जल्द दूर करेंगे। हरियाणा का जो अधिकार है उसे जरूर मिलेगा। हरियाणा की जो भी डिमांड है उसे पूरा करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सक्षम हैं और तैयार भी हैं। सीएम सैनी ने भी ‘कहा कि जल संरक्षण एक आंदोलन है। हरियाणा ने पानी की कमी भी महसूस की है। पानी की कमी से होने वाली दिक्कतों को सहा भी है। हरियाणा में पानी के जल स्रोत काफी कम है, पानी के लिए हम निर्भर हैं। हम पानी से तो सब कुछ पैदा कर सकते हैं मगर पानी को नहीं पैदा कर सकते हैं।

यह रहे उपस्थित
कार्यक्रम में मुख्य सचिवअनुराग रस्तोगी, जल शक्ति मंत्रालय के सचिव अशोक मीणा, हरियाणा जल संसाधन प्राधिकरण की अध्यक्षा केशनी आनंद अरोड़ा, सांसद कार्तिकेय शर्मा, कालका की विधायक शक्ति रानी शर्मा, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ोली, पंचकूला के मेयर कुलभूषण गोयल और विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता सहित अन्य अधिकारी व गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।


