हिंदुस्तान तहलका
मुंबई। अहमदाबाद एयर इंडिया प्लेन हादसे में मारे गए एयर इंडिया फ्लाइट के पायलट कैप्टन सुमित सभरवाल का पार्थिव शरीर डीएनए पहचान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम संस्कार के लिए मुंबई लाया गया। कैप्टन सभरवाल का आवास पवई के जल वायु विहार सोसायटी में स्थित है, जहां उनके अंतिम संस्कार के लिए शोक सभा की गई। इस सभा में उनके रिश्तेदार, मित्र, सहकर्मी और शुभचिंतक शामिल हो कर उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि दी। अपने बेटे को अंतिम विदाई देते हुए उनके पिता टूट गए। बेटे के पार्थिव शरीर के आगे वे फूट-फूट कर रोए।
सुमित सभरवाल अपने पिता के साथ मुंबई के पवई इलाके में रहते थे। दो साल पहले उनकी मां की मौत हो गई थी। पिता घर में अकेले ही थे लिहाजा वे जब भी फ्लाइट लेकर जाते थे तो अपने पड़ोसियों से पिता का ध्यान रखने के लिए कहके जाते थे। पायलट-इन-कमांड सुमित सभरवाल ने अपने पिता से वादा किया था कि वो जल्द नौकरी छोड़ कर उनके साथ समय बिताएंगे। किसे पता था कि, इतने अनुभवी पायलट की मौत प्लेन क्रैश में होगी। उनकी मौत के बाद अब उनके द्वारा अपने पिता से किया वादा भी अधूरा रह गया।


