- खेल मंत्री ने खिलाड़ियों को सुविधाएं न मिलने पर जताई नाराजगी
- खेल मंत्री ने 15 दिन में व्यवस्था सुधारने के दिए निर्देश
पंचकूला। हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम गुरुवार सुबह औचक निरीक्षण पर पंचकूला स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम पहुंचे। निरीक्षण के दौरान मंत्री को खिलाड़ियों से मिलने और ग्राउंड, हॉस्टल, मेस व जिम की व्यवस्था देखने पर कई अनियमितताएं नजर आईं। खिलाड़ियों को तयशुदा खाद्य सामग्री, खेल उपकरण और रहने की मूलभूत सुविधाएं न मिलने पर मंत्री ने नाराजगी जताई और स्टेडियम के सभी कोचों, कर्मचारियों व जिला खेल अधिकारी सहित 15 अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया।

मंत्री गौरव गौतम ने बॉक्सिंग, बैडमिंटन और एथलेटिक्स खिलाड़ियों से सीधी बातचीत की और उनकी समस्याएं जानीं। खिलाड़ियों ने बताया कि सरकार की खेल नीति बेहतरीन है, लेकिन अधिकारी उसके अनुरूप व्यवस्थाएं नहीं कर रहे हैं। खिलाड़ियों को न समय पर खाना मिल रहा है, न ही जरूरी खेल उपकरण। इस पर मंत्री ने मौके से ही संबंधित अधिकारियों को फोन कर फटकार लगाई और स्पष्ट कहा कि 15 दिन के भीतर सारी व्यवस्थाएं दुरुस्त की जाएं, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

मंत्री ने कहा कि हरियाणा की खेल नीति देश में सर्वश्रेष्ठ है। हमारे खिलाड़ी ओलंपिक, एशियन गेम्स और अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर रहे हैं। ऐसे में सरकार की प्राथमिकता है कि उन्हें सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर खुराक, अभ्यास सामग्री और स्वच्छ वातावरण मिलेगा तभी वे अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन दे सकेंगे। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने हॉस्टल, मेस और जिम का भी दौरा किया और व्यवस्थाएं जांचीं। उन्होंने कोचों को निर्देश दिए कि वे नियमित अभ्यास कराएं और लापरवाही न बरतें। अच्छा कार्य करने वाले कोचों को प्रोत्साहन मिलेगा जबकि लापरवाह अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा। खेल मंत्री का यह औचक दौरा खिलाड़ियों में भरोसा जगाने वाला रहा और संकेत दिया कि अब लापरवाह अधिकारियों पर सख्ती तय है। खिलाड़ियों को उम्मीद है कि इस निरीक्षण के बाद सुविधाएं बेहतर होंगी और उन्हें अभ्यास के लिए बेहतर माहौल मिलेगा।


